मध्य प्रदेश बोर्ड ने शुरू की हेल्पलाइन, विद्यार्थी पूछ सकेंगे सवाल, जारी किया गया नंबर
हेल्पलाइन के प्रभारी डॉ. हेमंत शर्मा ने बताया कि मंडल ने इस बार हेल्पलाइन में काउंसलर भी नियुक्त नहीं किया है बल्कि मंडल में पदस्थ प्राचार्य और शिक्षक विद्यार्थियों की काउंसिलिंग करेंगे। हर साल मंडल की हेल्पलाइन में बोर्ड परीक्षा के दौरान करीब 600 से 700 कॉल आते हैं।
भोपाल, जेएनएन। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिम) की 10वीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षाएं 30 अप्रैल से शुरू होने वाली है। मंडल ने इस साल हेल्पलाइन सेवा अब जाकर शुरू की है। इसके लिए नंबर 18002330175 जारी किया है। इस पर विद्यार्थी सुबह 10 से शाम 6 बजे तक कॉल कर सकते हैं। इसमें सिर्फ कार्यालयीन दिनों में कॉल कर सकते हैं, अवकाश के दिन इस बार हेल्पलाइन नहीं चलेगी।
प्राचार्य और शिक्षक एवं विद्यार्थियों की होगी काउंसलिंग
हेल्पलाइन के प्रभारी डॉ. हेमंत शर्मा ने बताया कि मंडल ने इस बार हेल्पलाइन में काउंसलर भी नियुक्त नहीं किया है, बल्कि मंडल में पदस्थ प्राचार्य और शिक्षक एवं विद्यार्थियों की काउंसिलिंग करेंगे। हर साल मंडल की हेल्पलाइन में बोर्ड परीक्षा के दौरान करीब 600 से 700 कॉल आते हैं, जबकि कोरोना काल में हर दिन हेल्पलाइन में करीब 900 से 1000 तक कॉल आए। इसके बावजूद इस बार हेल्पलाइन की प्रक्रिया अब शुरू की गई है और काउंसलर भी नहीं रखे गए हैं।
हेल्पलाइन में सुबह 10 से शाम छह बजे तक किया जाएगा कार्य
मंडल में करीब 60 फीसद कॉल ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के आते हैं। इसमें परीक्षा या मंडल से संबंधित जानकारी भी विद्यार्थी ले सकते हैं। अभी हेल्पलाइन के लिए माशिमं में पदस्थ आठ सहायक प्राध्यापक, शिक्षक व प्राचार्यो की टीम बनाई गई है। हेल्पलाइन में सुबह 10 से शाम छह बजे तक कार्य किया जाएगा। इसमें पहली पाली में 10 से दो बजे तक चार लोग और दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम छह बजे तक चार लोग काउंसिलिंग करेंगे।