Coronavirus: लुफ्थांसा ने की खाली विमान भारत लाने और यात्रियों को ले जाने की पेशकश
कोरोना वायरस महामारी के कारण 25 मार्च से भारत में अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। लुफ्थांसा समूह ने खाली विमान के साथ भारत आने और यहां से यात्रियों को लेकर यूरोप के गंतव्यों के लिए उड़ान भरने की पेशकश की है। कोरोना वायरस महामारी के कारण 25 मार्च से भारत में अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों को निलंबित कर दिया गया है।
कोरोना के चलते भारत में अंतरराष्ट्रीय यात्री उड़ानों पर प्रतिबंध जारी है
वर्तमान में हालांकि घरेलू उड़ानों का संचालन किया जा रहा है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर प्रतिबंध जारी है। ऐसे में लुफ्थांसा समूह ने खाली विमान लेकर भारत के लिए उड़ान भरने और केवल यात्रियों को यूरोप में अपने गंतव्य तक ले जाने की पेशकश की है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने कहा कि इस मामले पर अभी निर्णय नहीं लिया गया है।
वंदे भारत मिशन के तहत विदेशों में फंसे भारतीयों को भारत लाया गया
कोरोना वायरस का प्रसार रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बीच नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सात मई को वंदे भारत मिशन शुरू किया। इसके तहत एयर इंडिया समूह के विमानों से विदेश में फंसे भारतीयों को भारत लाया गया।
जर्मन एयरलाइन समूह लुफ्थांसा ने प्रस्ताव ऐसे समय दिया है, जब कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं
जर्मन एयरलाइन समूह लुफ्थांसा ने यह प्रस्ताव ऐसे समय दिया है, जब भारत के दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में कोविड-19 के मामलों की संख्या बढ़ रही है। इन शहरों में देश के सबसे बड़े हवाई अड्डे हैं।