विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'भारत में LPG और पेट्रोल की कोई कमी नहीं', होर्मुज पार कर 92 हजार टन गैस लेकर भारत आ रहे दो जहाज

Published: Mon, 23 Mar 2026 10:41 PM (IST)Updated: Mon, 23 Mar 2026 10:43 PM (IST)

पेट्रोलियम मंत्रालय ने बताया कि एलपीजी की स्थिति चिंताजनक है, पर कोई पेट्रोल पंप सूखा नहीं है। पैनिक बुकिंग घटी ...और पढ़ें

भारत आ रहे एलपीजी गैस के दो जहाज

भारत आ रहे एलपीजी गैस के दो जहाज

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्रालय का कहना है कि एलपीजी की स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है, लेकिन देश में कोई भी पेट्रोल पंप ड्राई नहीं है। उपलब्ध एलपीजी की डिलिवरी सामान्य तरीके से हो रही है। पैनिक बुकिंग में कमी आई है और रोजाना होने वाली बुकिंग की संख्या 88 लाख से घटकर 50 लाख पर आ गई है।

एलपीजी को लेकर अच्छी खबर यह भी है कि 92,000 टन एलपीजी से लदे दो भारतीय जहाज होर्मुज जलडमरूमध्य को पार कर चुके हैं। पिछले सप्ताह भी दो जहाज एलपीजी लेकर पहुंचे थे।

कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति बढ़ी

पेट्रोलियम मंत्रालय ने कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति को बढ़ाकर 50 प्रतिशत तक कर दिया है। कमर्शियल एलपीजी की सप्लाई बढ़ने से कैंटीन, ढाबा, रेस्टोरेंट का संचालन फिर से शुरू हो पाएगा।

प्रवासी श्रमिकों के लिए पांच किलोग्राम के सिलिंडर राज्य सरकार को दिए जा रहे हैं। घरेलू स्तर पर एलपीजी के उत्पादन में लगातार बढ़ोतरी हो रही है और जरूरत की 50 से 60 प्रतिशत आपूर्ति घरेलू स्तर से हो रही है।

पेट्रोलियम मंत्रालय की संयुक्त सचिव सुजाता शर्मा ने बताया कि 14 किलोग्राम के एलपीजी सिलिंडर को 10 किलोग्राम करने की फिलहाल कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि एलपीजी से जुड़ी किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। लोगों को एलपीजी से पीएनजी पर शिफ्ट होने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है।

कालाबाजारी करने वालों को भेजा नोटिस

मार्च के दौरान पीएनजी के साढ़े तीन लाख घरेलू व कमर्शियल कनेक्शन दिए गए हैं। एलपीजी सिलिंडर की सप्लाई में गड़बड़ी करने वाले 234 वितरकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है और उन पर जुर्माने भी लगाए जा रहे हैं।

गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए देशभर में 37,000 छापेमारी की गई है। 550 से ज्यादा एफआइआर दर्ज की गई है तो 150 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

शिपिंग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि होर्मुज व समंदर में फंसे देश के 600 नाविक सुरक्षित हैं और उनके खाने-पीने व अन्य सुविधाओं का मंत्रालय लगातार ध्यान रख रहा है। भारतीय पोर्ट पर कार्गों को लेकर कोई जाम नहीं है। पोर्ट पर कंटेनर की उपलब्धता को लेकर भी कोई शिकायत नहीं आ रही है।

यह भी पढ़ें- धड़ल्ले से हो रहा फर्जी बुकिंग का खेल, डिलीवरी के मैसेज आए लेकिन घर नहीं पहुंचा सिलिंडर; कंज्यूमर हो रहे परेशान