सुधरते हालात: 61 दिन में देश में कोरोना महामारी से सबसे कम मौतें, संक्रमण दर में लगातार गिरावट
कोरोना महामारी की दूसरी लहर में प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या में भी तेजी से कमी आने लगी है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के चलते 1587 लोगों की मौत हुई है। 61 दिन में एक दिन में मृतकों की यह सबसे कम संख्या है।
जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना महामारी की दूसरी लहर में प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या में भी तेजी से कमी आने लगी है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के चलते 1,587 लोगों की मौत हुई है। 61 दिन में एक दिन में मृतकों की यह सबसे कम संख्या है। नए मामले भी लगातार कम हो रहे हैं और ज्यादा संख्या में मरीज ठीक हो रहे हैं।
संक्रमण दर में लगातार गिरावट, सक्रिय मामलों में कमी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक दैनिक और साप्ताहिक संक्रमण दर में भी लगातार गिरावट आ रही है। मरीजों के ठीक होने की दर सुधर रही है। इसके साथ ही सक्रिय मामलों में कमी आ रही है। करीब ढाई महीने बाद सक्रिय मामले घटकर आठ लाख से नीचे आ गए हैं। सक्रिय मामलों में 28,084 की कमी आई है।
देश में 24 घंटे में 1,587 कोरोना मरीजों की मौत, सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 636 मौतें
देश में जो 1587 मौतें हुई हैं, उनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 636 मौतें शामिल हैं। इसके अलावा तमिलनाडु में 210 और कर्नाटक में 138 और लोगों की भी जान गई है। अभी तक देश भर में 3,83,490 मौतें हुई हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 1,16,026 मौतें अकेले महाराष्ट्र से ही हैं।
शुक्रवार सुबह आठ बजे तक के आंकड़े
नए मामले 62,480
कुल मामले 2,97,62,793
मौतें 1,587
कुल मौतें 3,83,490
सक्रिय मामले 7,98,656
ठीक हुए 87,977
कुल ठीक हुए 2,85,80,647
दैनिक संक्रमण दर 3.24 फीसद
साप्ताहिक संक्रमण दर 3.80 फीसद
ठीक होने की दर 96.03 फीसद
मृत्यु दर 1.29 फीसद
जांचें (गुरुवार) 19,29,476
कुल जांचें 38,71,67,696
महाराष्ट्र में 50 लाख से ज्यादा लोगों को लग गई दोनों डोज
महाराष्ट्र में 53,72,219 लोगों को कोरोना रोधी वैक्सीन की दोनों डोज लगा दी गई हैं। इनमें 45 साल से ज्यादा उम्र के 34,99,679 लोग शामिल हैं। जबकि, 45 साल से कम उम्र के 2,19,284 लोग शामिल हैं। राज्य में 18 साल से अधिक उम्र के लोगों की आबादी नौ करोड़ है। इसके अनुपात में राज्य में पिछले पांच महीने के दौरान पांच फीसद से ज्यादा लोगों का टीकाकरण हो चुका है। 45 साल से ज्यादा उम्र के डेढ़ करोड़ से ज्यादा लोगों को पहली डोज दी जा चुकी हैं।