Lotte Choco Pie नहीं है 100% शाकाहारी, FSSAI की जांच में खुलासा; लोटे इंडिया और फर्न्स एन पेटल्स को नोटिस
खाद्य नियामक FSSAI ने भ्रामक दावों और लेबलिंग मानकों के उल्लंघन को लेकर लोटे इंडिया, फर्न्स एन पेटल्स और कुबेरा फूड्स को नोटिस जारी किए हैं।
-1783522288261_m.webp)
Lotte को FSSAI ने भेजा नोटिस
HighLights
FSSAI ने तीन कंपनियों को भ्रामक दावों पर नोटिस दिया।
लोटे इंडिया, फर्न्स एन पेटल्स, कुबेरा फूड्स शामिल हैं।
सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा, कार्रवाई की चेतावनी।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। खाद्य नियामक भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआइ) ने विभिन्न खाद्य उत्पादों पर भ्रामक दावों और लेबलिंग मानकों के उल्लंघन को लेकर लोटे इंडिया, फर्न्स एन पेटल्स और कुबेरा फूड्स को नोटिस जारी किए हैं।
इन कंपनियों को सात दिन के भीतर यह स्पष्ट करना होगा कि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रविधानों के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की जाए।
FSSAI ने तीन कंपनियों को भ्रामक दावों पर नोटिस
एफएसएसएआइ ने लोटे इंडिया द्वारा मानकों के अनुपालन में कई तरह की कमियां पाई हैं। उसने कहा, 'कंपनी ने पूर्व अनुमति लिए बिना पुराने नाम लोटे इंडिया कारपोरेशन लिमिटेड वाले ऐसे पूर्व-मुद्रित लेबल का उपयोग किया, जो मानकों के अनुरूप नहीं थे।'
इसके अलावा, लोटो चोको पाई विद रिच मार्शमेलो, लोटे चोको पाई रियल ऑरेंज और लोटे चोको पाई चोको बर्स्ट पर '100 प्रतिशत शाकाहारी' का दावा किया गया है, जो भ्रामक पाया गया।
इसके एक अन्य उत्पाद लाली ब्लिस लालीपार (ऑरेंज, स्ट्रॉबेरी और कच्चा आम फ्लेवर) में विटामिन का स्तर एफएसएस (विज्ञापन एवं दावे) विनियमों के प्रविधानों के अनुरूप नहीं पाया गया।
कुबेरा फूड्स के मामले में एफएसएसएआइ ने उसके उत्पाद 'सॉफ्ट एंड फ्रेश क्रीम बन पाइनएप्पल' पर किए गए भ्रामक दावों को लेकर नोटिस जारी किया है।
नियामक ने कहा कि उत्पाद के सामने वाले हिस्से पर '100 प्रतिशत प्राकृतिक' और 'कोई रंग एवं फ्लेवर नहीं' जैसे दावे किए गए हैं जबकि उत्पाद के लेबल पर परिरक्षक, कृत्रिम खाद्य रंग और मिलाए गए फ्लेवरिंग पदार्थों का उल्लेख है।
फर्न्स एन पेटल्स प्राइवेट लिमिटेड के संबंध में एफएसएसएआइ ने कहा कि उसने 'रोस्टेड आलमंड चॉकलेट' नामक उत्पाद पर भ्रामक दावों और लेबलिंग को लेकर नोटिस जारी किया है।
नियामक ने कहा, 'उत्पाद के सामने वाले हिस्से पर प्रीमियम चॉकलेट सहित भ्रामक दावों को लेकर नोटिस जारी किया गया है, जबकि उत्पाद में हाइड्रोजनीकृत वनस्पति वसा मौजूद है… ।'
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- दिल्ली-NCR में तेज बारिश, यूपी-बिहार समेत 7 राज्यों के लिए रेड अलर्ट; अगले 24 घंटे में आंधी के साथ बरसात
