जब हर 5 लाख आबादी पर 1 सांसद का सुझाव हुआ था खारिज, लोकसभा में 850 सीटों के प्रस्ताव के बीच याद आई 1949 की बहस
850 लोकसभा सीटों के प्रस्ताव ने 1949 की उस बहस को जीवंत कर दिया है, जहां केटी शाह ने आबादी के अनुपात में सीटें बढ़ाने और अयंगर ने 500 की सीमा पर जोर दिया था।

(AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
लोकसभा में सदस्य संख्या 850 करने का प्रस्ताव।
1949 में केटी शाह ने स्थायी सीमा हटाने की मांग की थी।
संविधान सभा ने 500 सदस्यों की अधिकतम सीमा तय की।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा की सदस्य संख्या 543 से बढ़ाकर 850 करने के प्रस्ताव के बीच संविधान सभा में 1949 में हुई एक बहस फिर चर्चा में है। उस समय भी लोकसभा में सदस्यों की अधिकतम संख्या तय करने को लेकर मतभेद सामने आए थे। अर्थशास्त्री और समाजवादी नेता केटी शाह ने सदन की सदस्य संख्या पर कोई स्थायी सीमा नहीं लगाने की मांग की थी।
हालांकि, उनका संशोधन संविधान सभा ने खारिज कर दिया और लोकसभा के लिए 500 सीधे निर्वाचित सदस्यों की अधिकतम सीमा तय की गई। इस मुद्दे पर 4 जनवरी, 1949 को संविधान सभा में विस्तार से चर्चा हुई थी।
शाह ने प्रस्ताव दिया था कि लोकसभा में सीटों की संख्या तय करने के बजाय देश की कुल आबादी के प्रत्येक पांच लाख लोगों पर एक प्रतिनिधि चुना जाए। उनका तर्क था कि देश की आबादी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में सदस्यों की संख्या सीमित रखने से एक सांसद के जिम्मे आने वाले मतदाताओं की संख्या भी बढ़ती जाएगी। इससे आम लोगों की आवाज सदन में प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाएगी।
शाह ने कहा था कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सर्वोपरि होनी चाहिए। इसलिए संविधान में प्रतिनिधियों की अधिकतम संख्या स्थायी रूप से तय करना उचित नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत जैसे विशाल और बड़ी आबादी वाले देश में 600 सदस्यों का सदन भी बहुत बड़ा नहीं माना जा सकता। उनके अनुसार, आबादी बढ़ने के साथ प्रतिनिधियों की संख्या बढ़ाने की गुंजाइश बनी रहनी चाहिए।
500 सदस्यों को पर्याप्त मानते थे अयंगर
शाह के प्रस्ताव का विरोध करते हुए कांग्रेस सदस्य एम. अनंतशयनम अयंगर ने 500 सदस्यों की सीमा का समर्थन किया। उनका कहना था कि इतनी बड़ी संख्या वाला सदन पर्याप्त है। उन्होंने तर्क दिया कि पहले से ही 300 सदस्यों वाले सदन में कोरम के लिए कई बार घंटी बजानी पड़ती है। ऐसे में सदस्यों की संख्या और बढ़ाने से सदन की कार्यवाही अधिक प्रभावी नहीं हो जाएगी। उन्होंने कहा कि सदन बहुत छोटा भी नहीं होना चाहिए और 500 सदस्यों की संख्या उचित है।
अयंगर ने यह भी स्पष्ट किया कि 500 की सीमा को पूरी तरह निरपेक्ष नहीं माना जाना चाहिए। जरूरत पड़ने पर कुछ समुदायों और राज्यों के बाहर के क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व देने के लिए अतिरिक्त सदस्यों का प्रविधान किया जा सकता है। आखिरकार शाह का संशोधन मतदान में खारिज हो गया।
26 नवंबर, 1949 को अंगीकृत संविधान के अनुच्छेद 81 में लोकसभा के सीधे निर्वाचित सदस्यों की अधिकतम संख्या 500 रखी गई। बाद में संवैधानिक संशोधनों के जरिए यह सीमा राज्यों के लिए 530 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 20 हो गई। अब प्रस्तावित संविधान (132वां संशोधन) विधेयक, 2026 के तहत लोकसभा की अधिकतम सदस्य संख्या 850 करने की तैयारी है।
इसमें राज्यों के लिए 815 और केंद्रशासित प्रदेशों के लिए 35 सीटों का प्रस्ताव है। साथ ही राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 500 से बढ़ाकर 650 करने और महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण का प्रविधान भी शामिल है। इस तरह करीब 77 साल बाद लोकसभा के आकार और प्रतिनिधित्व का सवाल एक बार फिर राष्ट्रीय बहस के केंद्र में है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।