विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'वोट चोरी के बाद सीट चोरी में जुटी भाजपा', वाम दलों ने परिसीमन आयोग से सीईसी ज्ञानेश को दूर रखने की मांग

Published: Mon, 30 Nov 2026 02:50 AM (IST)

संसद के विशेष सत्र से पहले वाम दलों ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भाजपा पर 'वोट चोरी के बाद सीट चोरी' का आरोप लगाते हुए महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग रखने की मांग की।

News Article Hero Image

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। संसद के विशेष सत्र से एक दिन पहले रविवार को वाम दलों ने परिसीमन विधेयक को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा अब वोट चोरी के बाद सीट चोरी की कोशिश में जुट गई है।

वाम दलों ने परिसीमन के नाम पर निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं में राजनीतिक लाभ के लिए हेरफेर किए जाने की आशंका जताते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। साथ ही विधेयक को जल्दबाजी में दोबारा लाने और इसे महिला आरक्षण कानून से जोड़ने का विरोध किया।

माकपा, भाकपा, सीपीआई- एमएल लिबरेशन, आरएसपी और आल इंडिया फारवर्ड ब्लाक ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि विपक्षी दलों को तोड़कर और कमजोर करके संख्या बल जुटाने के लिए कथित तौर पर आपरेशन लोटस चलाया गया।

अब सरकार परिसीमन विधेयक फिर से पेश कर रही है और इसे महिला आरक्षण से जोड़ रही है। बयान पर पांचों दलों के महासचिवों डी. राजा, एमए बेबी, दीपांकर भट्टाचार्य, मनोज भट्टाचार्य और जी. देवराजन ने हस्ताक्षर किए हैं।

महिला आरक्षण को परिसीमन से अलग रखने की मांग

वाम दलों ने कहा कि संसद में 2023 में सभी दलों के समर्थन से पारित महिला आरक्षण कानून को तत्काल लागू किया जाना चाहिए था, लेकिन सरकार ने जानबूझकर इसमें देरी की।

उनका कहना है कि महिला आरक्षण और परिसीमन को आपस में जोड़ने की जरूरत नहीं है। सरकार को आरक्षण कानून लागू करने के लिए परिसीमन का इंतजार नहीं करना चाहिए।

वाम दलों ने यह भी सवाल उठाया कि केंद्र सरकार ने परिसीमन की प्रक्रिया और आयोग के गठन को लेकर राजनीतिक दलों तथा राज्य सरकारों से कोई व्यापक विचार-विमर्श नहीं किया है। उन्होंने आशंका जताई कि परिसीमन से क्षेत्रीय और जातिगत विभाजन बढ़ सकते हैं।

आयोग में विपक्ष और निष्पक्ष विधिवेत्ताओं को जगह देने की मांग

संयुक्त बयान में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को परिसीमन आयोग से दूर रखने की मांग की गई। वाम दलों ने उनकी छवि पर सवाल उठाते हुए कहा कि आयोग में विपक्षी दलों और निष्पक्ष विधिवेत्ताओं को भी प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह चुनाव आयोग का इस्तेमाल भाजपा के हित में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए किया गया, उसी तरह परिसीमन आयोग का भी राजनीतिक इस्तेमाल हो सकता है।
(समाचार एजेंसी आईएएनएस के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।