Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'हमारी आर्थिक नीतियों में मनमोहन सिंह की गहरी छाप', निधन पर पीएम मोदी ने जताया दुख; पूरे देश में शोक की लहर

    Updated: Fri, 27 Dec 2024 12:01 AM (IST)

    Former PM Manmohan Singh Passes Away पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया है। आर्थिक सुधारों के जनक मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। एम्स ने जानकारी दी कि रात नौ बजकर 51 मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली। दिल्ली एम्स में कांग्रेस के तमाम नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा मौजूद हैं।

    Hero Image
    मनमोहन सिंह के साथ पीएम मोदी ने अपनी तस्वीर की साझा। ( फाइल फोटो)

    डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का 92 साल की उम्र में नई दिल्ली स्थित एम्स में निधन हो गया है। आर्थिक सुधारों के जनक मनमोहन सिंह के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। एम्स ने जानकारी दी कि रात नौ बजकर 51 मिनट पर उन्होंने आखिरी सांस ली। दिल्ली एम्स में कांग्रेस के तमाम नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा मौजूद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, कांग्रेस अध्यक्ष समेत देशभर के नेताओं ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    देश मनमोहन सिंह के निधन से शोक में: पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा कि देश अपने सबसे प्रतिष्ठित नेताओं में से एक डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर शोक में है। साधारण पृष्ठभूमि से उठकर वे एक प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री बने। उन्होंने वित्त मंत्री समेत विभिन्न पदों पर कार्य किया और वर्षों तक हमारी आर्थिक नीति पर अपनी गहरी छाप छोड़ी। हमारे प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए काफी प्रयास किए।

    परिवार और प्रशंसकों के साथ मेरी संवेदनाएं

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनमोहन सिंह के साथ अपनी कई तस्वीरों को साझा किया। उन्होंने उनके साथ बिताए पलों को भी याद किया। पीएम मोदी ने लिखा कि जव वे प्रधानमंत्री थे और मैं गुजरात का मुख्यमंत्री था तब डॉ. मनमोहन सिंह और मैं नियमित रूप से बातचीत करते थे।

    हम शासन से संबंधित विभिन्न विषयों पर गहन विचार-विमर्श करते थे। उनकी बुद्धिमत्ता और विनम्रता हमेशा देखने को मिली। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार, उनके मित्रों और असंख्य प्रशंसकों के साथ हैं।

    देश के महानतम सपूत को श्रद्धांजलि: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

    राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह उन विरले राजनेताओं में से एक थे, जिन्होंने शिक्षा और प्रशासन की दुनिया में समान सहजता से काम किया। उन्होंने भारतीय अर्थव्यवस्था को सुधारने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्हें राष्ट्र के प्रति उनकी सेवा, उनके बेदाग राजनीतिक जीवन और उनकी अत्यंत विनम्रता के लिए हमेशा याद किया जाएगा। उनका जाना हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। मैं भारत के महानतम सपूतों में से एक को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करती हूं। परिवार, मित्रों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।

    आर्थिक उदारीकरण के वास्तुकार थे मनमोहन सिंह: उपराष्ट्रपति

    उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने लिखा कि पूर्व प्रधानमंत्री और भारत के आर्थिक परिदृश्य को बदलने वाले प्रतिष्ठित अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ। पद्म विभूषण से सम्मानित और 1991 में भारत के आर्थिक उदारीकरण के वास्तुकार उन्होंने हमारे देश को एक महत्वपूर्ण परिवर्तन के माध्यम से आगे बढ़ाया। विकास और समृद्धि के लिए नए रास्ते खोले।

    जेपी नड्डा ने जताया दुख

    केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और अर्थशास्त्री मनमोहन सिंह का निधन राष्ट्र के लिए बहुत बड़ी क्षति है। वे एक दूरदर्शी राजनेता और भारतीय राजनीति के दिग्गज थे। उन्होंने सार्वजनिक सेवा में अपने उल्लेखनीय करियर के दौरान लगातार वंचितों के कल्याण के लिए आवाज उठाई। उनके नेतृत्व ने पार्टी लाइन से परे प्रशंसा और सम्मान अर्जित किया। मनमोहन सिंह की विरासत राष्ट्र निर्माण में पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।

    देश ने दूरदर्शी, बेदाग और निष्ठावान नेता को खोया: खरगे

    कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि निःसंदेह, इतिहास आपका न्याय विनम्रता से करेगा, डॉ. मनमोहन सिंह! पूर्व प्रधानमंत्री के निधन से भारत ने एक दूरदर्शी, बेदाग निष्ठावान नेता और अद्वितीय कद के अर्थशास्त्री को खो दिया है। आर्थिक उदारीकरण और अधिकार-आधारित कल्याण प्रतिमान की उनकी नीति ने करोड़ों भारतीयों के जीवन को गहराई से बदला है। भारत में एक मध्यम वर्ग का निर्माण किया और करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।

    प्रियंका ने जताया शोक

    कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने लिखा कि राजनीति में बहुत कम लोग सरदार मनमोहन सिंह जैसा सम्मान पाते हैं। उनकी ईमानदारी हमेशा हमारे लिए प्रेरणास्रोत रहेगी और वे हमेशा उन लोगों के बीच खड़े रहेंगे, जो इस देश से सच्चा प्यार करते हैं।

    मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया: राहुल गांधी

    राहुल गांधी ने लिखा मनमोहन सिंह ने बहुत ही बुद्धिमत्ता और ईमानदारी के साथ भारत का नेतृत्व किया। उनकी विनम्रता और अर्थशास्त्र की गहरी समझ ने पूरे देश को प्रेरित किया। श्रीमती कौर और उनके परिवार के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। मैंने एक मार्गदर्शक खो दिया है। हममें से लाखों लोग जो उनके प्रशंसक थे, उन्हें अत्यंत गर्व के साथ याद करेंगे।

    मनमोहन सिंह के निधन से गहरा दुख हुआ: राजनाथ सिंह

    रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन से गहरा दुख हुआ। उन्होंने कठिन समय में भारत की अर्थव्यवस्था के पुनर्निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। देश की प्रगति में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना।

    दिल्ली कांग्रेस ने जताया शोक

    दिल्ली कांग्रेस ने एक्स पर मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया। पार्टी की इकाई ने लिखा कि प्रख्यात अर्थशास्त्री और देश के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन भारतीय राजनीति की अपूरणीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति और उनके परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

    निधन की खबर से मन व्यथित: हुड्डा

    हरियाणा के पूर्व सीएम और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भी मनमोहन सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दुनिया के महान अर्थशास्त्री, भारत में आर्थिक सुधारों के पुरोधा और अपने काम के जरिये देश को प्रगति पथ पर आगे बढ़ाकर दुनियाभर में अलग पहचान दिलाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन की खबर से मन व्यथित है। उनके जाने से राजनीतिक जगत को अपूरणीय क्षति हुई है, जो निकटतम भविष्य में भर पाना बेहद मुश्किल है। दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि, परिवारजनों व समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं।

    यह भी पढ़ें: नहीं रहे आर्थिक सुधारों के प्रणेता, पूर्व प्रधानमंत्री और RBI गवर्नर रहे मनमोहन सिंह का निधन

    यह भी पढ़ें: जहां पढ़े वहीं बने प्रोफेसर... पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रों के फेवरेट टीचर थे मनमोहन सिंह