विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यहूदी ठिकानों की रेकी करने वाले युवक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे ने किया था भर्ती, जांच में बड़ा खुलासा

Published: Mon, 16 Nov 2026 07:12 PM (IST)

मुंबई में यहूदी प्रतिष्ठानों की रेकी के आरोप में गिरफ्तार युवक को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े एक व्यक्ति ने भर्ती किया था।

रेकी में पकड़े युवक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे ने किया था भर्ती

रेकी में पकड़े युवक को लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे ने किया था भर्ती

HighLights

  1. मुंबई में यहूदी प्रतिष्ठानों की रेकी करते यश सिंह गिरफ्तार।

  2. लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गुरुमूर्ति ने उसे भर्ती किया।

  3. केरल पुलिस गिरोह की अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जांच कर रही।

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। यहूदी प्रतिष्ठानों की रेकी करने के आरोप में मुंबई में पकड़े गए युवक को उस व्यक्ति ने भर्ती किया था, जिसे लारेंस बिश्नोई गिरोह से संदिग्ध संबंधों के आरोप में हाल ही में केरलम के ओट्टापालम से गिरफ्तार किया गया था।

सूत्रों ने सोमवार को बताया कि महाराष्ट्र के नवी मुंबई के निवासी यश सिंह (20) को महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने मुंबई के चाबाद हाउस समेत यहूदी प्रतिष्ठानों की रेकी करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। चाबाद हाउस वही स्थान है जिसे 26/11 के मुंबई हमले में भी आतंकियों ने निशाना बनाया था।

आरोपित यश सिंह को बाद में त्रिचूर सिटी पुलिस को सौंपा गया। पुलिस उसे रविवार को केरलम लाई, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेजा गया।

सिंह की गिरफ्तारी से पहले, त्रिचूर सिटी पुलिस ने महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित भारत खंडिवेल्ली वेस्ट के निवासी गुरुमूर्ति को गिरफ्तार किया था। उसकी जड़ें तमिलनाडु में हैं। उसे लारेंस बिश्नोई गिरोह के ऑनलाइन हैंडलरों के निर्देश पर फिल्मी सितारों की तस्वीरें लेने और इस काम के लिए पैसे लेने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गुरुमूर्ति ने यश सिंह को भर्ती किया था। वे पिछले कई महीनों से संपर्क में थे। गुरुमूर्ति ने कई मौकों पर यश सिंह को पैसे भेजे थे। पुलिस सूत्रों ने कहा कि दोनों के बिश्नोई गिरोह के लिए काम करने का संदेह है।

एबिन ने भी ऑनलाइन हैंडलरों के निर्देश पर काम किया

पुलिस, पुथेनक्रूज के एबिन पाल (32) के साथ दोनों के संबंधों की भी जांच कर रही है। पाल को पिछले महीने कोच्चि के एर्नाकुलम मार्केट में कडवुभागम सिनेगाग के सामने स्थित ब्लासम नर्सरी में आग लगाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। आगजनी के इस मामले की जांच एनआईए कर रही है।

एबिन ने भी ऑनलाइन हैंडलरों के निर्देश पर काम किया था और गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई के बारे में ऑनलाइन जानकारी खोजी थी। उसने टेलीग्राम पर बिश्नोई का जिक्र करने वाले संदेशों को भी भेजा था।

गुरुमूर्ति को निर्देश और पैसे देने वालों की पहचान होनी बाकी

पुलिस सूत्रों ने कहा, हम जांच कर रहे हैं कि क्या दोनों मामले आपस में जुड़े हैं। यह भी जांचना होगा कि क्या अन्य लोगों ने गुरुमूर्ति के निर्देश पर काम किया था। गुरुमूर्ति को निर्देश देने और पैसे भेजने वालों की पहचान भी करनी होगी।

आरोपितों के मोबाइल फोन की फोरेंसिक जांच से और जानकारी मिलेगी। जल्द ही यश की हिरासत के लिए अदालत में याचिका दायर होगी। एनआईए जांच अपने हाथ में ले सकती है। गुरुमूर्ति को आनलाइन हैंडलर के निर्देश पर कई स्थानों की तस्वीरें लेने समेत काम सौंपे गए थे।

तस्वीरें खींच कर हैंडलर को भेज रहा था गुरुमूर्ति

चंद्रशेखर ने कहा, गुरुमूर्ति ने टेलीग्राम के कई चैनलों का इस्तेमाल किया था। हमें संदेह है कि उसके आपराधिक नेटवर्क से संबंध थे। वह अलग-अलग जगहों की तस्वीरें लेकर एक हैंडलर को भेज रहा था। इन कामों के लिए उसे क्रिप्टोकरेंसी और गूगल पे से पैसे मिले थे।

इस मामले में कुछ समानताएं पाल के मामले से हैं, जिसे कोच्चि में आगजनी के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था। पाल के मामले में भी ऑनलाइन हैंडलर ने उसे काम सौंपे थे। केरलम में लारेंस बिश्नोई गिरोह की संगठित मौजूदगी का संकेत नहीं है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।