केपीएससी भर्ती घोटाला: करोड़ों रुपये लेकर बेचे गए थे पेपर और आंसर-की, ईडी की चार्जशीट में खुलासा
ईडी ने केपीएससी भर्ती घोटाले में आरोपपत्र दाखिल किया है, जिसमें प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी लीक होने का दावा किया गया है।

ईडी ने केपीएससी भर्ती घोटाले में आरोपपत्र दाखिल किया। (फाइल फोटो)
HighLights
ईडी ने केपीएससी भर्ती घोटाले में आरोपपत्र दाखिल किया।
प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी लीक होने का दावा किया गया।
अधिकारियों के रिश्तेदारों के चयन हेतु अवैध भुगतान का आरोप।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। मनी लॉन्ड्रिंग के मामलों की सुनवाई के लिए गठित विशेष अदालत में ईडी की ओर से दाखिल आरोपपत्र में दावा किया गया है कि कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) की भर्ती परीक्षाओं के प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी लीक हुए थे। इसमें वरिष्ठ अधिकारियों के रिश्तेदारों समेत उम्मीदवारों का चयन सुनिश्चित करने के लिए भुगतान किए जाने का आरोप भी लगाया गया है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से मनी लॉन्ड्रिंग रोधी अधिनियम (पीएमएलए) के तहत दाखिल अभियोजन शिकायत के अनुसार, पुलिस अधीक्षक (एसपी) रैंक के एक अधिकारी ने कर्नाटक प्रशासनिक सेवा (केएएस) भर्ती परीक्षा में अपनी दो बेटियों को साक्षात्कार में अधिक अंक दिलाने के लिए दो करोड़ रुपये दिए थे।
ईडी के आरोपपत्र के अनुसार, कर्नाटक लोक सेवा आयोग (केपीएससी) के पूर्व परीक्षा नियंत्रक ज्ञानेंद्र कुमार गंगवार ने विभिन्न भर्ती परीक्षाओं के उम्मीदवारों को लीक हुए प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी उपलब्ध कराए।
जांच एजेंसी ने अपनी शिकायत में निलंबित केपीएससी अध्यक्ष साहुकार, निलंबित सदस्य बी.वी. गीता शिवमूर्ति, गंगवार और कनाले को नामजद किया है। ईडी का आरोप है कि पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती में हुई गड़बड़ियों से अपराध की कमाई हुई, क्योंकि उम्मीदवारों ने लीक हुए प्रश्नपत्र और उत्तर कुंजी पाने के लिए पैसे दिए थे।
यह आरोप भी लगाया गया कि शिवशंकरप्पा साहुकार ने अपनी दो बेटियों को सरकारी औद्योगिक अधिकारी के पदों पर अवैध रूप से भर्ती कराया था। आरोपपत्र में कहा गया है कि नौ जनवरी, 2026 को हुई पशु चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती परीक्षा के लिए कनाले ने उम्मीदवारों से 1.35 करोड़ से 1.50 करोड़ रुपये तक वसूले और गंगवार को सौंपे।
यह रकम नकद और बैंक खातों के जरिये जुटाई गई थी। ईडी ने आरोप लगाया कि गंगवार के निर्देश पर कनाले ने किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर 52.30 लाख रुपये के आभूषण खरीदने में मदद की। उसने तीसरे पक्ष के खातों और नकद जमा के जरिये गंगवार, उनके परिवार और दोस्तों की हवाई यात्रा पर 13.31 लाख रुपये खर्च किए।
ईडी के आरोपपत्र में कहा गया कि आरोपित बसवराज कनाले ने स्वीकारा कि उसे सात जनवरी, 2026 को गंगवार से पशु चिकित्सा अधिकारियों की परीक्षा का उत्तरों सहित प्रश्नपत्र मिला था और उसने आठ जनवरी, 2026 को आर्किड निर्वाण विला में उम्मीदवारों के बीच इसे बांटा था।
उसने 2023 से गंगवार की 12 करोड़ से 15 करोड़ रुपये तक की नकदी संभाली थी। इसमें पंचायत विकास अधिकारी (पीडीओ), जूनियर इंजीनियर और कृषि अधिकारी भर्ती परीक्षाओं के लिए जुटाई गई रकम भी शामिल थी।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।