विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोझिकोड में टोल प्लाजा का QR कोड बताकर 7 लाख रुपये का गबन, प्राइवेट अकाउंट में ट्रांसफर कराए पैसे

Published: Fri, 16 Oct 2026 03:48 PM (IST)

केरल के कोझिकोड स्थित ओलावन्ना टोल प्लाजा पर 7 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है।

कोझिकोड टोल प्लाजा पर 7 लाख रुपये की धोखाधड़ी (फोटो-सोशल मीडिया)

कोझिकोड टोल प्लाजा पर 7 लाख रुपये की धोखाधड़ी (फोटो-सोशल मीडिया)

HighLights

  1. कोझिकोड टोल प्लाजा पर 7 लाख की धोखाधड़ी का खुलासा।

  2. कर्मचारियों ने निजी QR कोड से पैसे ट्रांसफर किए।

  3. पुलिस ने छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया।

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम के कोझिकोड जिले में ओलावन्ना में टोल प्लाजा पर चल रही धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने आज शुक्रवार को बताया कि इस मामले में टोल प्लाजा के छह कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

कर्मचारियों पर आरोप है कि ये लोग QR कोड का इस्तेमाल करके टोल से वसूली गई रकम को निजी खातों में ट्रांसफर करवा रहे थे। इस तरह करीब सात लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया है।

टोल प्लाजा की रकम प्राइवेट अकाउंट में ट्रांसफर

पंथीरंकावु पुलिस स्टेशन में गुरुवार को धोखाधड़ी के मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 2 सितंबर से 5 अक्टूबर के बीच टोल से वसूली गई रकम को अधिकृत पेमेंट सिस्टम के बजाय एक निजी खाते से जुड़े QR कोड का इस्तेमाल करके दूसरी जगह ट्रांसफर करवाया गया।

पुलिस ने बताया कि यह QR कोड पहले आरोपी ने उपलब्ध कराया था। टोल प्लाजा का संचालन करने वाली कंपनी के मैनेजर और शिकायतकर्ता अमित कुमार शर्मा (36) ने आरोप लगाया कि इस हेराफेरी के कारण कंपनी को लगभग 7 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।

आरोपियों की पहचान विपिन राजपूत (23), उमाशंकर (40), मोंटी राजपूत (21), हरिमोहन (19), शिवम (21) और नवीन सिंह भदौरिया (24) के रूप में हुई है। ये सभी उत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के सिलसिले में पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। इस मामले में आगे की जांच चल रही है।

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- केरलम में पति ने बेरहमी से की पत्नी और 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, फिर खुद भी की आत्महत्या की कोशिश