केरलम में पति ने बेरहमी से की पत्नी और 4 साल के मासूम बेटे की हत्या, फिर खुद भी की आत्महत्या की कोशिश
केरलम के त्रिशूर में एक व्यक्ति ने पारिवारिक विवाद में अपनी पत्नी और 4 साल के बेटे की गला रेतकर हत्या कर दी।
-1792058442662_m.webp)
AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
पति ने पत्नी और 4 साल के बेटे की हत्या की।
अवैध संबंध के शक में हुआ यह जघन्य अपराध।
आरोपी ने वारदात के बाद खुदकुशी का प्रयास किया।
डिजिटल डेस्क, केरलम। केरलम के त्रिशूर जिले के वालाप्पाड इलाके से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां गुरुवार तड़के एक शख्स ने आपसी शक और पारिवारिक विवाद के चलते अपनी 24 वर्षीय पत्नी और अपने 4 साल के मासूम बेटे की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद की जान लेने की नीयत से अपने ऊपर भी हमला कर लिया।
पुलिस से मिली जानकारी और FIR के मुताबिक, यह वारदात गुरुवार तड़के करीब 12:30 बजे वालाप्पाड बीच के पास स्थित मृतिका के घर पर हुई। मृतकों की पहचान विस्मया (24) और उनके 4 साल के बेटे दक्षिण के रूप में हुई है। दोनों नट्टिका के रहने वाले थे।
शक बना हत्या की वजह
बता दें कि 44 वर्षीय विनीश पेशे से एक लॉरी ड्राइवर है और वह हफ्ते में एक या दो बार अपनी पत्नी से मिलने आता था। पुलिस के अनुसार, विनीश को शक था कि उसकी पत्नी विस्मया का किसी अन्य व्यक्ति के साथ अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से अनबन और रंजिश चल रही थी।
सर्जिकल ब्लेड जैसी तेज धारदार चीज से रेता गला
एफआईआर के अनुसार, हत्या की पूरी योजना पहले से बनाई गई थी। गुरुवार तड़के करीब 12:30 बजे आरोपी विनीश बेडरूम में गया और सर्जिकल ब्लेड जैसी किसी अत्यंत तेज धारदार हथियार से अपनी पत्नी विस्मया और मासूम बेटे दक्षिण का गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
खुदकुशी की कोशिश और अस्पताल में भर्ती
गौरतलब है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी विनीश ने खुद को भी गंभीर रूप से घायल कर आत्महत्या करने की कोशिश की। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे बाद में त्रिशूर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
वालाप्पाड पुलिस ने इस मामले में हत्या का केस दर्ज कर लिया है और आगे की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और मातम का माहौल है।
