यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 10, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
छत्तीसगढ़: कोरबा में CAF जवान ने की साली और रिश्तेदार की हत्या, सर्विस राइफल से मारी गोली
छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक पुलिसकर्मी ने पारिवारिक झगड़े में आपा खोकर अपनी ड्यूटी वाली बंदूक से दो रिश्तेदारों ...और पढ़ें

HighLights
- CAF के कांस्टेबल ने 2 रिश्तेदारों को मारी गोली।
- मृतकों में 17 साल की युवती भी शामिल।
- पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल को किया गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक पुलिसकर्मी ने अपनी बंदूक से 2 रिश्तेदारों को गोली मार दी। इस घटना में दोनों की लोगों की जान चली गई। मृतकों में एक किशोरी भी शामिल है। पुलिस के अनुसार, पारिवारिक मामले में झगड़े के दौरान आरोपी अपना आपा खो बैठा और ड्यूटी वाली बंदूक से ही दोनों रिश्तेदारों को गोली मार दी।
यह घटना कोरबा के हरदीबाजार पुलिस स्टेशन स्थित छिंदपुर गांव की है। आरोपी कांस्टेबल का नाम शेशराम बिंझवार है, जो CAF (Chhattisgarh Armed Force) की 13वीं बटालियन का हिस्सा है। पुलिस ने कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया है।
17 साल की युवती समेत 2 की मौत
कोरबा के एसपी सिद्धार्थ तिवारी के अनुसार, शेशराम ने अपनी 'इंसास राइफल' से 3 राउंड की फायरिंग की। सबसे पहले उसने अपनी साली (पत्नी की बहन) मंदासा बिंझवार को गोली मारी, जिसकी उम्र महज 17 साल थी। इसके बाद उसने अपनी पत्नी के चाचा राजेश बिंझवार पर गोली चलाई। इस घटना में दोनों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कांस्टेबल को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि यह सबकुछ एक पारिवारिक झगड़े के दौरान हुआ। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार ने भिलईबाजार स्थित रोड को पूरी तरह से जाम कर दिया है।
CM के दौरे में लगी थी ड्यूटी
बता दें कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देओ साई का कोरबा में ही एक दौरा था। कांस्टेबल शेशराम को भी सीएम की सिक्योरिटी में नियुक्त किया गया था, लेकिन वो ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। कुछ देर बाद पुलिस को इस घटना की सूचना मिली, जिसके बाद पुलिस ने शेशराम को गिरफ्तार कर लिया।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- 'सट्टेबाजी के पैसों से बुक किए करोड़ों के विदेशी टिकट..., कांग्रेस विधायक वीरेंद्र पर ED के गंभीर आरोप
