विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता भगदड़: 'मां को आंखों के सामने दम तोड़ते देखा', बेटे ने सुनाया हादसे का दर्द

Published: Sun, 18 Oct 2026 05:30 AM (IST)

दुर्गापूजा पंडाल में शनिवार शाम मची भगदड़ ने 25 वर्षीय सोनू पाल से उसकी मां को छीन लिया। सदमे में ...और पढ़ें

'मैंने अपनी मां को अपनी आंखों के सामने मरते देखा': चश्मदीद

'मैंने अपनी मां को अपनी आंखों के सामने मरते देखा': चश्मदीद 

HighLights

  1. खुद भी मरते-मरते बचे कुम्हारटोली के सोनू पाल

  2. आज प्रशासन और कोलकाता पुलिस की समीक्षा बैठक होगी

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। दुर्गापूजा पंडाल में शनिवार शाम मची भगदड़ ने 25 वर्षीय सोनू पाल से उसकी मां को छीन लिया। सदमे में डूबे सोनू ने कहा-'मैंने अपनी मां को आंखों के सामने दम तोड़ते देखा। मैं भी शायद जिंदा नहीं बच पाता।'

कुम्हारटोली निवासी सोनू अपनी मां के साथ दुर्गापूजा देखने गए थे। चोरबागान के पंडाल में पहुंचने पर अचानक तेज बारिश शुरू हो गई।

सोनू के मुताबिक, बारिश से बचने के लिए कोई भी बाहर नहीं निकलना चाहता था। प्रवेश द्वार पर खड़े लोग अंदर घुसने के लिए एक-दूसरे को धक्का देने लगे।

देखते ही देखते भीड़ का दबाव बढ़ गया। अंदर मौजूद लोग एक-दूसरे के ऊपर गिरने लगे। वह खुद भी लोगों के नीचे दब गए थे।किसी तरह उन्होंने खुद को संभाला और अपनी मां के पास पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

कोलकाता के कई बड़े पूजा पंडालों में प्रवेश अस्थायी रूप से बंद

दुर्गापूजा पंडाल में भगदड़ की घटना के बाद प्रशासन ने कोलकाता के कई बड़े पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं के प्रवेश पर अस्थायी रोक लगा दी है। महानगर में करीब 3500 दुर्गापूजाओं का आयोजन हो रहा है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, भारी भीड़ उमड़ने की आशंका वाले पंडालों को फिलहाल प्रवेश बंद करने के लिए कहा गया है। इनमें टाला प्रत्यय, अलीपुर सार्वजनिन, चेतला अग्रणी और बालीगंज सार्वजनिन शामिल हैं। एलन पार्क में होने वाला कार्यक्रम भी रद कर दिया गया है।

उक्त पुलिस अधिकारी ने कहा कि भारी भीड़ जुटने की सूचना वाले स्थानों पर आयोजकों से प्रवेश रोकने को कहा गया है। यह अस्थायी फैसला है।

रविवार को स्थिति की समीक्षा के बाद आगे का निर्णय लिया जा सकता है। संतोष मित्रा स्क्वायर पूजा समिति के अध्यक्ष सजल घोष ने बताया कि फिलहाल पंडाल में लोगों के प्रवेश को सीमित किया गया है। साल्टलेक में भी पुलिस ने बड़े पूजा आयोजनों को पंडालों में प्रवेश बंद करने का निर्देश दिया है।