केरलम में बेकाबू कार ने दोपहिया वाहन को मारी टक्कर, तीन की मौत; चालक गिरफ्तार
केरलम के कोच्चि में नेदुमस्सेरी हवाई अड्डे के पास रविवार तड़के हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

केरल में तेज रफ्तार कार ने ली तीन जानें।
HighLights
कोच्चि में तेज रफ्तार कार से भीषण सड़क हादसा।
दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौके पर मौत।
नशे में धुत चालक सुहैल गिरफ्तार, मामला दर्ज।
डिजिटल डेस्क, कोच्चि। केरलम के कोच्चि में नेदुमस्सेरी हवाई अड्डे के पास एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। रविवार तड़के एक बेकाबू और तेज रफ्तार कार ने दोपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
बता दें कि यह दुर्घटना रविवार तड़के करीब 2 बजे नेदुमस्सेरी एयरपोर्ट के पास हुई। तीनों लोग पास की एक दुकान से चाय पीकर अपने घर लौट रहे थे, तभी यह भीषण हादसा हुआ।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया था अस्पताल
पुलिस ने मृतकों की पहचान पालक्काड निवासी गोपिका, वायनाड निवासी देविका और कर्नाटक के रहने वाले इजाज के रूप में की है। हादसे में उनकी दोपहिया बुरी तरह चकनाचूर हो गई और उसके पुर्जे सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
आरोपी ड्राइवर पर सख्त कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार चालक सुहैल को हिरासत में ले लिया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी ड्राइवर के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है।
नशे में होने की आशंका
गौरतलब है कि पुलिस को अंदेशा है कि चालक ने शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर रखा था, जिसके चलते उसके खून और अन्य सैंपल जांच के लिए एकत्र किए गए हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले में बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
