जानिए, क्यों इंदौर में 150 से ज्यादा जगह छह हजार लोगों ने थामी झाड़ू
गोगा नवमी के अगले दिन नगर निगम में वाल्मीकि समाज के सफाइकर्मियों की छुट्टी रहती है। ऐसे में हर साल जनभागीदारी से शहर को साफ करने की परंपरा निभाई जाती है।
इंदौर, जेएनएन। मध्य प्रदेश में इंदौर के करीब छह हजार नागरिकों ने शुक्रवार को शहर के 150 से ज्यादा इलाकों में सफाई का जिम्मा लिया और उसे पूरा किया। झाड़ू थामकर आम नागरिकों, शहर के अधिकारियों, सामाजिक पदाधिकारियों व अन्य ने सड़क किनारे, कॉलोनियों, चौराहों और घरों के आसपास दो से तीन घंटे तक सफाई की। इनमें बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए।
गौरतलब है कि गोगा नवमी के अगले दिन नगर निगम में वाल्मीकि समाज के सफाइकर्मियों की छुट्टी रहती है। ऐसे में हर साल जनभागीदारी से शहर को साफ करने की परंपरा निभाई जाती है। शुक्रवार को चलाए गए सफाई अभियान में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, रहवासी संघ, मार्केट एसोसिएशन, एनजीओ, निजी संस्थानों के कर्मचारी सुबह से जुट गए। कहीं लोग झाड़ू लगाते नजर आए, तो कहीं कचरे के ढेर उठाते दिखे।
नागरिकों ने लिटरबिन में भरा कचरा नगर निगम की गाडि़यों में खाली किया। अभियान के तहत मुख्य कार्यक्रम राजवाड़ा पर हुआ। विधायकों ने अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में भी सफाई अभियान चलाया। इसमें पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्रीय लोगों ने खुशी-खुशी अपने शहर की सफाई की और सफाइकर्मियों के प्रति सम्मान जाहिर किया। वैसे बता दें कि इंदौर के लोगों में सफाई को लेकर काफी जागरूकता है। इंदौर सिटी कई बार देशभर में साफ-सफाई को लेकर पहला स्थान दिया गया है। अगर इसी तरह देश के अन्य लोगों में भी ये जागरूकता आ जाए, तो गंदगी की समस्या खत्म हो जाएगी।