Move to Jagran APP

जानिए कौन है खुशबू सुंदर? जिनके नाम पर प्रशंसकों ने बनवा दिया था मंदिर, कांग्रेस छोड़ बीजेपी के साथ आईं

बताया जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद से खुशबू सुंदर कांग्रेस नेतृत्व से नाराज चल रही थीं। कुछ महीने पहले उन्होंने पार्टी की नीतियों से अलग हटकर बीजेपी की नई शिक्षा नीति का समर्थन भी कर दिया था।

By Vinay TiwariEdited By: Published: Mon, 12 Oct 2020 02:41 PM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2020 06:30 PM (IST)
जानिए कौन है खुशबू सुंदर? जिनके नाम पर प्रशंसकों ने बनवा दिया था मंदिर, कांग्रेस छोड़ बीजेपी के साथ आईं
तमिल फिल्म अभिनेत्री खुशबू सुंदर। (फाइल फोटो)

नई दिल्ली, ऑनलाइन डेस्क/एजेंसियां। तमिल सिनेमा का एक खास प्रसिद्ध चेहरा खुशबू सुंदर सोमवार को अचानक से चर्चा में आ गया। इसके पीछे एक राजनीतिक कारण था। दरअसल खुशबू ने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था और उन्होंने बीजेपी जॉइन करने की घोषणा कर दी। इसके बाद वो अचानक से चर्चा में आ गईं। 

loksabha election banner

बताया जा रहा है कि 2019 के लोकसभा चुनाव में टिकट नहीं मिलने के बाद से खुशबू सुंदर कांग्रेस नेतृत्व से नाराज चल रही थीं। कुछ महीने पहले उन्होंने पार्टी की नीतियों से अलग हटकर बीजेपी की नई शिक्षा नीति का समर्थन भी कर दिया था। कांग्रेस अध्यक्ष को लिखे पत्र में भी उन्होंने ये भी कहा था कि पार्टी के भीतर उच्च पदों पर बैठे कुछ लोग गलत चीजें कर रहे हैं। उनके निर्णय ठीक नहीं है। वो उच्च स्तर पर बैठे हैं मगर उनको जमीनी हकीकत या सार्वजनिक मान्यता से कोई जुड़ाव नहीं है। वो गलत निर्णय ले रहे हैं जो ठीक नहीं है। 

साल 2014 में डीएमके छोड़कर कांग्रेस में आई थीं खुशबू 

बताया जाता है कि साल 2014 में डीएमके छोड़कर खुशबू कांग्रेस में शामिल हुई थी। इससे पहले वह 2010 से लेकर जून 2014 तक डीएमके में रही थीं। खुशबू की लोकप्रियता ही थी कि साल 2010 में उन्हें खुद डीएमके चीफ करुणानिधि पार्टी में लेकर आए थे। उसके बाद से वो इसी पार्टी के साथ जुड़कर राजनीति कर रही थीं। दरअसल सोमवार सुबह ही बीजेपी में जाने की अटकलों के बीच कांग्रेस ने उन्हें राष्ट्रीय प्रवक्ता के पद से हटा दिया था। हाल के दिनों में खुशबू सुंदर कुछ मुद्दों पर कांग्रेस के आधिकारिक रुप से अलग राय जाहिर कर रही थीं। इसी बीच उन्होंने पार्टी से अलग होने का ही फैसला कर लिया। 

पहली भारतीय अभिनेत्री जिनके नाम पर प्रशंसकों ने बना दिया मंदिर 

बात 1990 के समय की है। उन दिनों खुशबू का फिल्मी करियर अपने उफान पर था। एक बात ये भी है कि उस दौर में प्रशंसक अपने पसंदीदा कलाकारों का मंदिर बना रहे थे। कई प्रशंसक तो अपने हीरो हीरोइनों की पूजा तक करते दिखे थे। अमिताभ बच्चन, रजनीकांत जैसे कुछ हीरो इनमें से प्रमुख हैं। मंदिर बनवाने का एक ट्रेंड सा चल रहा था। उसी दौर में खुशबू के पुरूष फैन्स ने अपनी पसंदीदा अभिनेत्री खुशबू का भी मंदिर बनवा दिया, इस मंदिर के बारे में जानकर सबको हैरानी हुई थी। प्रशंसकों की ओर से खुशबू का यह मंदिर तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली में बनवाया गया है। 

नखत खान है खुशबू सुंदर का असली नाम 

खुशबू सुंदर का असली नाम नखत खान है। उनका जन्म मुंबई में हुआ था। वो इस समय 50 साल की है। साल 2000 में उनकी शादी हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। उनके पति का नाम सुंदर सी है। उनका फिल्मी कैरियर बाल कलाकार के तौर पर शुरू हुआ था। बाल कलाकार के तौर पर करियर शुरू करने वाली खुशबू दिनों-दिन सफलता की सीढ़ियां चढ़ती चली गईं। खुशबू की पहली हिंदी फिल्म ‘द बर्निंग ट्रेन’ थी। वो इस फिल्म के गाने 'तेरी है जमीन तेरा आसमान' में वह नजर आई थीं।

इसके बाद उन्होंने कालिया, दर्द का रिश्ता, नसीब और लावारिस जैसी फिल्मों में काम किया। उसके बाद उन्होंने 1986 में तमिल फिल्म इंडस्ट्री का रुख किया। साउथ फिल्म इंडस्ट्री में वह लगभग 200 फिल्में कर चुकी हैं। उन्होंने मलयालम, कन्नड़ और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। यहां भी उनको कई पुरस्कार मिले। तमिल फिल्मों में उन्होंने अपना एक अलग स्थान बनाया।  


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.