जानिए दाऊद के गैंग में क्या थी एजाज लकड़ावाला की भूमिका, फिर दाऊद ही क्यों पड़ गया था पीछे
एक समय था के जब एजाज लकड़ावाला डी ग्रुप के लिए काम करता था मगर बाद में दाऊद ही एजाज के पीछे पड़ गया और जानलेवा हमला करवाया।
नई दिल्ली [जागरण स्पेशल]। अंडरवर्ल्ड की दुनिया भी अजीबोगरीब है। ये वन वे की दुनिया मानी जाती है। यहां इंट्री करना तो आसान है मगर यहां से निकलना मुश्किल है। यदि एक बार कोई इस रास्ते पर चल पड़ता है तो वापसी के रास्ते नहीं मिलते। फिर उसे सांस बंद होने के बाद ही यहां से छुटकारा मिलता है। यहां अपने को जिंदा रखने के लिए अपराधी खुद को मरा हुआ तक घोषित करवाते हैं उसके बाद तमाम तरह के फर्जीवाड़े करके देश से बाहर भागने की फिराक में लग जाते हैं मगर पुलिस के मुखबिर तंत्र से बच नहीं पाते हैं।
कभी था सहयोगी फिर हुई दुश्मनी
कभी दाऊद के करीबी रहे एजाज लकड़ावाला से जब उसकी दुश्मनी हुई तो दाऊद ने एजाज पर हमला करवा दिया। एक समय था जब दाऊद के सारे उल्टे कामों को एजाज ही देखा करता था। मगर जब एजाज ने छोटा राजन से हाथ मिला लिया तो वो दाऊद से अलग हो गया। वो छोटा राजन गैंग का मेंबर हो गया। इसी वजह से दोनों के बीच जानी दुश्मनी हो गई। तभी दाऊद ने हमला करवाया। उसके बाद साल 2003 में ये अफवाह फैलाई गई कि एजाज की मौत हो गई है लेकिन इस हमले में वो बच गया। एजाज लकड़ावाला महाराष्ट्र पुलिस का मोस्ट वॉन्टेड अपराधी है। उसके खिलाफ मुंबई और राजधानी दिल्ली में दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं जिनमें रंगदारी, वसूली, हत्या और फिरौती वसूलने के मामले शामिल हैं।
अस्पताल से भाग निकला था एजाज
एजाज कभी मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में रहता था। उसने बांद्रा के सेंट स्टेनीस्लूस स्कूल से पढ़ाई की। दाऊद के हमला करवाने के बाद वो भाग निकला और कनाडा में अपना ठिकाना बनाया। साल 2003 में छोटा शकील के साथ सांठगांठ के आरोप में राजन ने एजाज पर बैंकॉक में हमला करवाया था। उस दौरान कहा गया कि वह हॉस्पिटल से भागकर दक्षिण अफ्रीका पहुंच गया था।
हमला होने के बाद भगा
बताया जाता है कि जब दाऊद के गुर्गे एजाज के पीछे पड़ गए तो वो बैंकाक से कनाडा भाग गया, पिछले कई सालों से वो वहीं पर रह रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि इन दिनों एजाज कनाडा में रह रहा है। पुलिस उसकी गतिविधि पर लगातार नजर बनाए हुए थी। छोटा राजन गैंग का सदस्य रहा एजाज मुंबई और दिल्ली में 24 से ज्यादा मामलों में वांछित है, जिसमें हत्या और फिरौती के कई मामले शामिल हैं।
सबसे वांछित गैंगस्टरों में से एक
एजाज लकड़ावाला मुंबई के सबसे वांछित गैंगस्टरों में शामिल था और गैंगस्टर छोटा राजन का करीबी था। उसके ऊपर 25 मुकदमे दर्ज हैं। दाऊद लकड़ावाला के छोटा राजन से हाथ मिलाने की वजह से नाराज था। इससे पहले मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भगोड़े गैंगस्टर एजाज लकड़ावाला की बेटी को फर्जी पासपोर्ट पर विदेश भागने के प्रयास के लिए पकड़ लिया गया था। इससे पहले मार्च में एजाज के भाई अकील लकड़ावाला को गिरफ्तार किया गया था। उस पर एक बिल्डर से 50 लाख रुपए हफ्ता मांगने का आरोप था।
क्यों हुई गिरफ्तारी
इस साल की शुरुआत में खार के एक बिल्डर ने एजाज लकड़ावाला और उसके भाई अकिल के खिलाफ जबरन उगाही का एक मामला दर्ज कराया था और अकील को बाद में मार्च में गिरफ्तार कर लिया गया था। उगाही निरोधक इकाई (Recovery unit) के अधिकारी ने बताया था कि अकील ने जानकारी दी थी कि सोनिया के पास एक फर्जी पासपोर्ट है और वह देश से भागने की कोशिश करेगी। अधिकारियों को सूचना मिली कि वह अपने बच्ची के साथ मुंबई हवाई अड्डे पर है। उसके बाद एक टीम ने वहां के आव्रजन अधिकारियों (Immigration officer)को सतर्क किया और उसे हिरासत में ले लिया गया।
सोनिया को पिछले साल मुंबई से पासपोर्ट जारी किया गया था लेकिन इसके लिए जरूरी सहायक दस्तावेज जाली थे। उन्होंने कहा कि उसके खिलाफ पासपोर्ट कानून और भारतीय दंड संहिता के तहत धोखाधड़ी और जालसाजी का आरोप लगाया गया है और यह पता लगाने के लिए जांच की जा रही है कि क्या खार के बिल्डर द्वारा दर्ज कराए गए उगाही मामले से उसका कोई संबंध है।
नेपाल जाने वाली उड़ान से गिरफ्तार की गई बेटी सोनिया शेख
सोनिया लकड़ावाला उर्फ सोनिया शेख शुक्रवार देर रात नेपाल जाने वाली एक उड़ान में सवार होने वाली थी, तभी पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उसके दस्तावेजों की जांच करने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले मुंबई क्राइम ब्रांच की एंटी एक्सटॉर्शन सेल (AEC) ने एजाज लकड़ावाला की बेटी सोनिया लकड़ावाला को जबरन वसूली के दूसरे मामले में गिरफ्तार किया गया था। वह अपने पिता के कहने पर बांद्रा के एक बिल्डर से रंगदारी वसूलने के लिए धमकी दे रही थी।
मुंबई का मोस्ट वांटेड गैंगेस्टर एजाज को पटना से किया गया गिरफ्तार, लाया जाएगा मुंबई
मुंबई के मोस्ट वॉन्टेड गैंगस्टर एजाज लकड़ावाला को पुलिस ने पटना से गिरफ्तार किया है। यहां गिरफ्तार किए जाने के बाद अब उसे मुंबई लाया जाएगा। यहां तमाम मामलों में उससे पूछताछ की जाएगी। उसे रंगदारी के मामले में भी पूछताछ की जाएगी।