विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी की 'समझौता करने वाले पीएम' वाली पोस्ट पर रिजिजू ने पूछे 4 सवाल, कहा- 1962 के अपमान के लिए माफी मांगो

Published: Sat, 21 Nov 2026 09:03 AM (IST)

राहुल गांधी के 'समझौता वाले पीएम' बयान पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। रिजिजू ने कांग्रेस से 1962 के युद्ध, गरीबी और भारत की आर्थिक स्थिति से जुड़े चार सवालों के जवाब मांगे हैं।

राहुल गांधी के समझौता वाले पीएम बयान पर किरेन रिजिजू की तीखी प्रतिक्रिया। (फाइल फोटो।)

राहुल गांधी के समझौता वाले पीएम बयान पर किरेन रिजिजू की तीखी प्रतिक्रिया। (फाइल फोटो।)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के समझौता वाले पीएम बयान पर राजनीतिक बवाल मचा हुआ है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने शनिवार को इस टिप्पणी का कड़ा जवाब दिया।

उन्होंने कांग्रेस को 1962 के चीन-भारत युद्ध, गरीबी और कांग्रेस के शासनकाल में भारत की आर्थिक स्थिति से जुड़े चार सवालों के जवाब देने की चुनौती दी। साथ ही, उन्होंने पूछा कि क्या कांग्रेस उस घटना के लिए माफी मांगेगी जिसे उन्होंने 1962 का अपमान करार दिया।

रिजिजू ने उठाए सवाल

एक्स पर एक पोस्ट में रिजिजू ने कुछ सवाल उठाए और 1962 के संघर्ष के दौरान चीन द्वारा अपने गांव पर कब्जा किए जाने का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “कांग्रेस को 4 सवालों के जवाब देने चाहिए: 1962 में चीन ने मेरे गांव पर कब्जा कर लिया था। क्या कांग्रेस 1962 के उस अपमान के लिए माफी मांगेगी? 2. कांग्रेस ने भारत को एक गरीब देश बनाए रखा। क्यों? 3. भारत को सपेरों का देश क्यों कहा जाता था? 4. भारत की अर्थव्यवस्था को हिंदू रेट ऑफ ग्रोथ कहकर अपमानित क्यों किया गया?”

रिजिजू की यह प्रतिक्रिया राहुल गांधी के उस बयान के एक दिन बाद आई है, जिसमें उन्होंने चीन में हुए एशिया-पैसिफिक इकोनॉमिक कोऑपरेशन (APEC) शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप, चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुई त्रिपक्षीय बैठक को लेकर प्रधानमंत्री मोदी की आलोचना की थी।

शुक्रवार को राहुल की साइड प्लेयर वाली टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए रिजिजू ने उनसे आग्रह किया कि वे देश के भीतर या बाहर कहीं भी भारत के खिलाफ बयान न दें। मंत्री ने पत्रकारों से कहा, “मैंने उनकी बात नहीं सुनी है लेकिन मैं उनसे आग्रह करना चाहूंगा कि वे देश के खिलाफ कोई बात न कहें, चाहे वे देश के अंदर हों या बाहर।”

बीजेपी ने भी राहुल की टिप्पणियों की आलोचना की और पार्टी नेताओं ने उन पर भारत की अंतरराष्ट्रीय साख को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

राहुल गांधी ने क्या कहा था?

बैठक में मौजूद तीनों नेताओं की एक तस्वीर साझा करते हुए राहुल ने एक्स पर लिखा, "अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो इस मेज पर भारत के प्रधानमंत्री बैठे होते। एक समझौता करने वाला प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकता।"

यह टिप्पणी राहुल के उस बयान के बाद आई है, जो उन्होंने बुधवार को शिकागो विश्वविद्यालय में दिया था। वहां उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मामलों में भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए देश को एक साइड प्लेयर बताया था।

राहुल ने कहा था, "अपने आकार की वजह से वैश्विक स्तर पर भारत की स्वाभाविक रूप से एक अहम आवाज है और उसे वैश्विक चर्चाओं में सक्रिय रूप से शामिल होना चाहिए। लेकिन सच कहूं तो भारत अब बस एक साइड प्लेयर बनकर रह गया है, जबकि पाकिस्तान ईरान और अमेरिका के साथ बातचीत करने में व्यस्त है।"

यह भी पढ़ें: राहुल गांधी की 'समझौता करने वाले पीएम' वाली पोस्ट पर भड़की BJP, बोली- भारत को बदनाम करने के लिए मिले पैसे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।