केरी सेक्टर में घुसपैठ का प्रयास नाकाम, आतंकी ढेर
केरी सेक्टर में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है, जिससे सीमा पर धुंध छाई हुई है। खराब मौसम की आड़ में आतंकी घुसपैठ की फिराक में थे।
जागरण संवाददाता, राजौरी। केरी सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने घुसपैठ के बड़े प्रयास को नाकाम बनाते हुए एक आतंकी को मार गिराया, जबकि तीन वापस भाग गए। इनमें से दो आतंकी घायल बताए जा रहे हैं। फिलहाल, सुरक्षाबलों ने एलओसी पर सघन तलाशी अभियान छेड़ रखा है।
केरी सेक्टर में पिछले दो दिनों से बारिश हो रही है, जिससे सीमा पर धुंध छाई हुई है। खराब मौसम की आड़ में आतंकी घुसपैठ की फिराक में थे। सोमवार देर रात सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने सरहद पर कुछ हलचल देखी और सामान गिरने की आवाज भी सुनी। इसके बाद जवानों ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया। जवानों ने देखा कि चार आतंकियों का दल सीमा के बेहद करीब पहुंच गया था।
उनको रुकने के लिए कहा तो उन्होंने जवानों पर गोलियां दागने के साथ ग्रेनेड फेंकने शुरू कर दिए। जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। मारे गए आतंकी की अभी पहचान नहीं हो पाई है। सीमा सुरक्षा बल के जवानों ने मारे गए आतंकी से छह बोतल तरल विस्फोटक, एक राइफल, 16 मैगजीन, 267 गोलियां, पांच ग्रेनेड के साथ अन्य सामान भी बरामद किया है।
यह भी पढ़ें: कुंठित हैं अखिलेश यादव, तभी दिया ‘गधे’ वाला बयान: विजय रुपाणी
बड़ी वारदात करने आए थे
जम्मू: जिस केरी सेक्टर के सामने भारतीय सेना ने पाक सीमा में जाकर सर्जिकल स्ट्राइक की थी, सोमवार रात वहां से घुसपैठ कर रहे आतंकी खून खराबा करने के साथ बड़े पैमाने पर आग भड़काने का सामान भी लाए थे।
यह भी पढ़ें: नेपाल निकाय चुनाव के खिलाफ मधेशी मोर्चा ने प्रदर्शन किया
उनकी मंशा थी कि सर्जिकल स्ट्राइक का बदला लिया जाए। आतंकियों ने उड़ी में सेना के कैंप पर हमले के दौरान आग भड़काने के लिए तरल विस्फोटक का इस्तेमाल किया था। इसका बदला लेने के लिए हुई सर्जिकल स्ट्राइक से पाकिस्तान से गहरा आघात लगा था। गत वर्ष 29 नवंबर को रामगढ़ के चमलियाल में सुरंग से घुसपैठ कर आए आतंकवादियों के पास तरल विस्फोटक ट्राइनाइट्रो ग्लीसरिन मिला था।