CEC ज्ञानेश कुमार से जुड़े 2006 के आत्महत्या मामले की होगी विजिलेंस जांच, केरलम सरकार ने दिए आदेश
केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं।

सीईसी ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जांच के आदेश। (फाइल फोटो।)
HighLights
केरल गृह मंत्री ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश दिए।
मामला 2006 में PWD सचिव कार्यकाल की अनियमितताओं से जुड़ा है।
मलेशियाई इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से संबंधित आरोप।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केरलम गृह मंत्री रमेश चेन्निथला ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश दिए हैं। यह मामला 2006 में राज्य के लोक निर्माण विभाग (PWD) के सचिव के तौर पर उनके कार्यकाल के दौरान हुई अनियमितताओं के आरोपों से जुड़ा है।
यह मामला मलेशियाई सिविल इंजीनियर ली सी बीन की आत्महत्या से जुड़ा है, जो केरल राज्य परिवहन परियोजना के तहत एमसी रोड के अपग्रेडेशन में शामिल PATI-BEL कंसोर्टियम से जुड़े थे। खबरों के मुताबिक, बीन के सुसाइड नोट में ज्ञानेश कुमार का जिक्र था।
गृह मंत्री ने क्या निर्देश दिए?
यह जांच उन आरोपों के बाद शुरू की गई है जिनमें कहा गया था कि बाहरी दबाव डाला गया और मामले की शुरुआती जांच को पटरी से उतार दिया गया था। गृह मंत्री के कार्यालय ने बताया कि चेन्निथला ने विजिलेंस डायरेक्टर को सीधे निर्देश दिए हैं कि वे ज्ञानेश कुमार से जुड़े मामले में बाहरी प्रभाव के आरोपों की गहन जांच करें और नतीजों के आधार पर उचित कार्रवाई करें।
वीएसीबी करेगी जांच
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि विजिलेंस एंड एंटी-करप्शन ब्यूरो (VACB) इन आरोपों की जांच करेगा। यह घटनाक्रम तब हुआ है जब विपक्षी पार्टियों, छात्र संगठनों और युवा समूहों ने शुक्रवार को दिल्ली और मुंबई में विरोध प्रदर्शन किए। वे वोटर लिस्ट के स्पेशल इंटेंसिव रिविजन (SIR) में कथित गड़बड़ियों और बड़ी संख्या में वोटरों के नाम हटाए जाने के दावों को लेकर कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे।
यह विरोध तब और तेज हो गया जब मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने 10 महीनों के दौरान कम से कम 14 बार एसआईआर प्रक्रिया और चुनाव से जुड़े अन्य मामलों के फैसलों और प्रक्रियाओं पर आपत्ति जताई थी।
