'डॉग-व्हिसल पॉलिटिक्स', केरलम के CM सतीसन ने मल्लपुरम पर की गई टिप्पणियों को लेकर सीपीआईएम को घेरा
केरल के मुख्यमंत्री वीडी सतीसन ने सीपीआई (एम) नेता पी. नंदकुमार की मलप्पुरम को कट्टरपंथियों का अड्डा बताने वाली टिप्पणी की कड़ी निंदा की है।

केरलम सीएम वीडी सतीसन। (फाइल फोटो।)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। केरल मुख्यमंत्री वीडी सतीसन ने सीपीआई (एम) नेता पी. नंदकुमार की उस कथित टिप्पणी की कड़ी निंदा की है जिसमें उन्होंने मलप्पुरम जिले को कट्टरपंथियों और सांप्रदायिक लोगों का अड्डा बताया था। सतीसन ने सीपीआई (एम) पर सांप्रदायिक बयानों का परोक्ष रूप से समर्थन करने का आरोप लगाया।
एक्स पर एक पोस्ट में सतीसन ने कहा कि ये टिप्पणियां इसलिए भी चिंताजनक हैं क्योंकि ये सीपीआई (एम) नेता और केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन की मौजूदगी में की गईं और उन्होंने इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई।
'पिनाराई विजयन ने नहीं जताई आपत्ति'
सतीसन ने लिखा, "मैं सीपीआई (एम) नेता पी. नंदकुमार द्वारा मलप्पुरम के लोगों को कट्टरपंथी बताकर की गई सांप्रदायिक टिप्पणियों की कड़ी निंदा करता हूं।" उन्होंने कहा, "यह अस्वीकार्य बयान पिनाराई विजयन (नेता प्रतिपक्ष) की मौजूदगी में दिया गया और उन्होंने इस पर एक शब्द भी आपत्ति नहीं जताई या सुधार नहीं किया, जिससे साफ पता चलता है कि सीपीआई (एम) इसे परोक्ष रूप से सही मानती है।"
सतीसन ने आरोप लगाया कि ये टिप्पणियां मलप्पुरम और कुछ खास समुदायों को निशाना बनाने वाले बयानों के एक बड़े सिलसिले का हिस्सा हैं। सतीसन ने कहा, "यह बांटने वाली सोच पिनाराई विजयन द्वारा पहले मलप्पुरम के खिलाफ दिए गए बयानों का ही अगला कदम है।"
'डॉग-व्हिसल पॉलिटिक्स'
उन्होंने सीपीआई (एम) पर बार-बार चुनावी हार के बावजूद डॉग-व्हिसल पॉलिटिक्स (इशारों-इशारों में भड़काऊ राजनीति) करने का आरोप लगाया और कहा कि उनका तरीका संघ परिवार की ध्रुवीकरण वाली रणनीति जैसा ही है।
सतीसन ने मांग की कि विजयन और सीपीआई (एम) का केंद्रीय नेतृत्व अपनी चुप्पी तोड़े और इन टिप्पणियों पर अपना रुख स्पष्ट करे। उन्होंने पार्टी और नंदकुमार, दोनों से बिना शर्त माफी मांगने की भी मांग की।
उन्होंने लिखा, "नेता प्रतिपक्ष पिनाराई विजयन और सीपीआई (एम) के केंद्रीय नेतृत्व को अपनी चुप्पी तोड़नी चाहिए और जनता के सामने अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। सीपीआई (एम) और पी. नंदकुमार दोनों को केरल की जनता से बिना शर्त माफी मांगनी चाहिए।"
क्या है विवाद?
यह विवाद तब शुरू हुआ जब नंदकुमार ने शनिवार को मलप्पुरम में सीपीआई (एम) की जिला समिति की एक विस्तारित बैठक में स्वागत भाषण देते हुए कथित तौर पर ये टिप्पणियां कीं। बैठक में मौजूद वरिष्ठ पार्टी नेताओं में विजयन भी शामिल थे। इसके बाद मुस्लिम यूथ लीग के कार्यकर्ताओं ने पोन्नानी पुलिस स्टेशन और संबंधित डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस के पास नंदकुमार के खिलाफ पुलिस में शिकायतें दर्ज कराईं।
पुलिस ने बताया कि कई अन्य संगठनों ने भी शिकायतें दर्ज कराई हैं और वीडियो फुटेज की जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा। इस बीच थावनूर के विधायक वीएस जॉय ने फेसबुक पोस्ट में मलप्पुरम का बचाव करते हुए कहा, "मलप्पुरम कोई घोंसला नहीं है। यह एक महल है। धर्मनिरपेक्ष सोच वाले लोगों द्वारा एक साथ पिरोए गए रत्नों का महल।"
