बाढ़ पीड़ितों के लिए लॉटरी से 100 करोड़ जुटाएगा केरल
लॉटरी से मिलने वाली सारी राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराई जाएगी। इस लॉटरी का नाम अश्वास रखा गया है।
तिरुअनंतपुरम, आइएएनएस/प्रेट्र। बाढ़ पीडि़तों की मदद के लिए केरल सरकार विशेष लॉटरी जारी कर 100 करोड़ रुपये जुटाएगी। राज्य के वित्त मंत्री थामस इसाक ने बताया कि लॉटरी के टिकट 250 रुपये के होंगे। ड्रॉ तीन अक्टूबर को निकाला जाएगा। लॉटरी से मिलने वाली सारी राशि मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराई जाएगी। इस लॉटरी का नाम 'अश्वास' रखा गया है। इसकी प्रत्येक सीरिज का पहला पुरस्कार एक लाख रुपये होगा। 1.08 लाख टिकटों पर पांच हजार रुपये का भी पुरस्कार रखा गया है। नौ श्रृंखला में कुल 96 लाख टिकट छापे जाएंगे।
417 की हो चुकी है मौत, 36 लापता
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य में भारी बारिश और बाढ़ से 417 लोगों की जान जा चुकी है और अभी तक 36 लोग लापता हैं। उन्होंने बताया कि आठ अगस्त से शुरू हुई दूसरे दौर की बारिश से 265 लोगों की मौत हुई। अन्य मौतें इससे पहले 29 मई के बाद हुई हैं। 2787 राहत शिविरों में कुल 8.69 लाख लोग शरण लिए हुए हैं। करीब 7000 घर ध्वस्त हो गए हैं और 50,000 आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। मुख्यमंत्री ने बाढ़ से प्रभावित लोगों से उन्हें हुई क्षति का ब्योरा सरकार को सौंपने के लिए कहा है।
पुनर्वास पर ध्यान दे रही सरकार
बाढ़ का पानी कम होने के बाद राज्य सरकार का ध्यान अब राहत शिविरों में रहने वाले लोगों की देखभाल और उनके पुनर्वास पर है। विनाशकारी बारिश में बहुत से लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। देश और विदेश से लोगों ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में सामान और नकद दान देकर राज्य की मदद की है। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि गुरुवार रात तक कुल 539 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।