इंस्टाग्राम से खरीदी क्रीम ने खराब की किशोरी की किडनी, केरलम में निर्माता पर मामला दर्ज
केरलम में पारे वाली त्वचा की क्रीम के इस्तेमाल से एक किशोरी की किडनी को नुकसान पहुंचने के बाद पुलिस ने क्रीम निर्माता के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

किशोरी की किडनी खराब मामले में निर्माता पर मामला दर्ज (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
पारे वाली क्रीम से किशोरी की किडनी को गंभीर नुकसान पहुंचा।
पुलिस ने क्रीम निर्माता 'एफ ट्यून' के खिलाफ केस दर्ज किया।
केरल सरकार ने नकली सौंदर्य प्रसाधनों की जांच के आदेश दिए।
डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम में पारे की अधिकता वाली त्वचा की क्रीम इस्तेमाल करने के बाद उग्रापुरम की रहने वाली 17 वर्षीय किशोरी के किडनी को नुकसान पहुंचने समेत गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं होने पर रविवार रात को एरीकोड पुलिस ने क्रीम निर्माता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं, राज्य सरकार ने भी नकली प्रसाधनों को लेकर एक व्यापक जांच शुरू कर दी है।
केरलम के स्वास्थ्य मंत्री के. मुरलीधरन ने नकली सौंदर्य प्रसाधनों और प्रोटीन पाउडर की जांच समेत राज्यव्यापी कार्रवाई का आदेश दिया। मंत्री ने कहा कि ऐसे बिना मंजूरी वाले सौंदर्य और स्वास्थ्य उत्पाद पाकिस्तान तथा मंगलुरु-कासरगोड क्षेत्र से आ रहे हैं।
एफआइआर के मुताबिक, किशोरी ने इंस्टाग्राम पर विज्ञापन देखने के बाद ‘एफ ट्यून’ नाम से बेची जा रही क्रीम खरीदी और उसका इस्तेमाल किया। क्रीम में पारे की मात्रा अधिक थी, जो मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
निर्माता को खतरे की जानकारी होने के बावजूद क्रीम में मिलावट की गई। क्रीम के इस्तेमाल से गुर्दे की क्षति समेत गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हुईं और किशोरी ने इलाज पर एक लाख रुपये खर्च किए। भारतीय न्याय संहिता, औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम और केरलम पुलिस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।