केरलम में सोशल मीडिया पर सख्ती की तैयारी, महिलाओं से बदसलूकी रोकने के लिए सख्त कानून
केरल सरकार सोशल मीडिया पर महिलाओं से बदसलूकी रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री वीडी सतीशन ने कहा कि मौजूदा कानून अप्रभावी हैं।

केरलम के मुख्यमंत्री वीडी सतीशन।
HighLights
केरल सरकार सोशल मीडिया पर महिलाओं की सुरक्षा हेतु सख्त कानून पर विचार।
मुख्यमंत्री वीडी. सतीशन ने मौजूदा कानूनों को अप्रभावी बताया।
नए कानून से ऑनलाइन हमलावरों को जेल भेजने की तैयारी।
डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। सोशल मीडिया पर महिलाओं से बदसलूकी रोकने के लिए केरलम सरकार सख्त कानून बनाने पर विचार कर रही है। मुख्यमंत्री वीडी. सतीशन ने सोमवार को कहा कि इंटरनेट मीडिया पर महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियों और उत्पीड़न से निपटने के लिए मौजूदा कानून बहुत कम प्रभावी हैं। इसी वजह से सरकार विशेष कानून लाने पर विचार कर रही है।
प्रस्ताव के कानूनी पहलुओं की जांच की जा रही है। सतीशन ने महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से महिला नीति बनाने के लिए आयोजित संगोष्ठी के उद्घाटन के बाद कहा, सरकार कानून लाकर सोशल मीडिया पर महिलाओं पर हमला करने वालों को जेल भेजने के बारे में सोच रही है।
क्या है केरलम सरकार का लक्ष्य?
सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि इंटरनेट मीडिया पर किसी भी महिला का अपमान न किया जाए। सतीशन ने उम्मीद जताई कि 'मकल्कोप्पम' पहल के माध्यम से तैयार महिला नीति पूरे देश के लिए मिसाल बन सकती है।
केरलम सीएम ने कहा कि आमतौर पर सरकारें पहले नीतियां बनाती हैं और फिर लोगों से उनका पालन करने को कहती हैं, लेकिन इस बार सरकार विभिन्न हितधारकों के सुझाव और विचार लेकर नीति तैयार करना चाहती है।