विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केरलम में तेज रफ्तार मिनी कूपर ने तीन लोगों को कुचला, पुलिस ने कार सवार 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार

Published: Tue, 13 Oct 2026 12:40 PM (IST)

केरल के नेडुम्बसेरी में एक तेज रफ्तार मिनी कूपर कार ने स्कूटर सवार को टक्कर मार दी, जिससे तीन लोगों ...और पढ़ें

HighLights

  1. केरलम में तेज रफ्तार मिनी कूपर से तीन की मौत।

  2. पुलिस ने कार सवार चारों छात्रों को किया गिरफ्तार।

  3. ड्राइवर पर लापरवाही, गैर इरादतन हत्या का आरोप।

डिजिटल डेस्क, कोच्चि। केरलम की एर्नाकुलम रूरल पुलिस ने मिनी कूपर कार में सवार सभी चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसने रविवार को केरल के नेडुम्बसेरी में एयरपोर्ट रोड पर एक स्कूटर सवार को टक्कर मार दी थी, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस को शक है कि टक्कर के समय कार की स्पीड बहुत तेज थी।

पुलिस ने चारों कार सवार किए गिरफ्तार

पुलिस ने मिनी कूपर में सवार सभी चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को दो लोगों अमीन शा और जोयल एस एंटो को गिरफ्तार किया। दोनों की उम्र 19 साल है और दोनों अलाप्पुझा के रहने वाले हैं।

इससे पहले रविवार को पुलिस ने दो लोगों ड्राइवर सुहैल सजीव जो सजीव जमाल का बेटा है और एक अन्य यात्री निनाव जो रंजीत कुमार का बेटा है को गिरफ्तार किया था।

पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि ड्राइवर पर लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

बाकी तीनों लोगों पर उकसाने का मामला दर्ज है, क्योंकि उन्होंने ड्राइवर को नशे में होने के बाद भी गाड़ी चलाने से रोका नहीं। बता दें ये चारों कॉलेज के छात्र हैं और चारों की उम्र करीब 19 साल है।

तीनों पीड़ितों के शव परिवार को सौंपे

हादसे में मरने वाले तीनों लोगों वायनाड की देविका (21), पलक्कड़ की गोपिका (22) और कर्नाटक के इयास (21) के शव पोस्टमार्टम के बाद उनके परिवारों को सौंप दिए गए।

पुलिस को शक है कि दुर्घटना से पहले कार में सवार लोगों ने अलग-अलग बार में शराब पी थी। जांचकर्ताओं ने सबूत इकट्ठा किए हैं, जिनमें सीसीटीवी फुटेज और उन जगहों के बिल शामिल हैं।

शुरुआती जांच में सुहेल के नशे में होने की बात सामने आई है। लेकिन पुख्ता जानकारी के लिए लैब रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

इंस्टाग्राम के पुराने वीडियो में कार भगाता दिखा युवक

सुहैल के इंस्टाग्राम के एक पुराने पोस्ट में मिनी कूपर की स्पीड 220 किमी प्रति घंटा तक पहुंचती दिख रही है। ये वीडियो किसी हाइवे की लग रही है।

11.8 सेकेंड के इस क्लिप में स्पीडोमीटर 204 किमी प्रति घंटा की रीडिंग दिखाता है और फिर स्पीड बढ़ती जाती है और वीडियो खत्म होने तक 220 किमी प्रति घंटा तक पहुंच जाती है। गाड़ी के अंदर लाउड म्यूजिक भी सुनाई दे रहा है।

सुहैल के इंस्टाग्राम पर ऐसे कई वीडियो मिले हैं जिनमें उसकी कार की स्पीड 200 किमी प्रति घंटा से ज्यादा दिखी। पुलिस ने बताया कि सुहैल की मां ने उसे उसके जन्मदिन पर यह लग्जरी कार तोहफे में दी थी।

आबकारी विभाग ने तीन बार के खिलाफ मामले दर्ज किए

आबकारी विभाग ने सोमवार को कडावंथरा, पलारीवट्टम और नेडुम्बसेरी के एक स्टार होटल में मौजूद तीन बार के लाइसेंस धारकों और मैनेजरों के खिलाफ मामले दर्ज किए। पुलिस ने जानकारी दी थी कि दुर्घटना से पहले तीनों युवकों ने शराब पी थी जिसके बाद तीनों बार के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं।

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि यह ग्रुप शनिवार रात 9:30 बजे से 1:30 बजे के बीच इन तीनों जगहों पर गया था।जानकारी के मुताबिक मोटर वाहन विभाग ने सुहेल का ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- 'सड़कें किसलिए होती हैं, गाड़ी चलाने के लिए ही न'; मिनी कूपर से 3 लोगों को रौंदने के बाद बोला केरलम का नौजवान