माकपा नेता सीवी धनराज हत्याकांड में केरलम कोर्ट का फैसला, भाजपा-संघ के 3 कार्यकर्ता दोषी; 16 अन्य बरी
केरलम की स्थानीय अदालत ने 2016 के माकपा नेता सीवी धनराज हत्याकांड में भाजपा-संघ के तीन कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया, जबकि 16 अन्य को बरी कर दिया।

केरलम कोर्ट का बड़ा फैसला (सांकेतिक तस्वीर)
डिजिटल डेस्क, कन्नूर। केरलम की स्थानीय अदालत ने सोमवार को पय्यान्नूर में 2016 में माकपा नेता सीवी धनराज की हत्या के मामले में भाजपा-संघ के तीन कार्यकर्ताओं को दोषी ठहराया और 16 अन्य को बरी कर दिया। अदालत बुधवार को सजा सुनाएगी।
तलिपरंबा के अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश के एन. प्रशांत ने टीपी बीजू (34), एम विपिन (34) और एम वैषाख (31) को दोषी पाया। विपिन और वैषाख दोनों भाई हैं। दोषी ठहराए गए लोग हत्या में सीधे तौर पर शामिल थे।
एझिमला में माकपा के शाखा सचिव रहे धनराज की 11 जुलाई, 2016 को रामंथली में घर लौटते समय धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। अभियोजन पक्ष के अनुसार, हमलावरों का एक समूह मोटरसाइकिलों पर उनके घर के पास पहुंचा और धारदार हथियारों से हमला किया। उनकी मां और पत्नी के सामने उन पर वार किए गए और चाकू से गोदकर उनकी हत्या कर दी गई।
मामले में भाजपा-संघ के कुल 20 कार्यकर्ताओं को आरोपित बनाया गया था। हालांकि, 19 के खिलाफ मुकदमे की सुनवाई पूरी हुई, क्योंकि 12वें आरोपित सी.बीजू की बाद में हत्या कर दी गई थी।
फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए विशेष लोक अभियोजक सीके श्रीधरन ने संवाददाताओं से कहा कि अभियोजन पक्ष 16 लोगों को बरी किए जाने के फैसले के खिलाफ अपील करेगा।
अभियोजन पक्ष के आरोपपत्र में पहले तीन आरोपितों बीजू, विपिन और वैषाख की स्पष्ट रूप से पहचान उन लोगों के रूप में की गई थी, जिन्होंने धनराज को 37 गंभीर चोटें पहुंचाईं, जिससे उनकी मौत हो गई। श्रीधरन ने तीनों को दोषी ठहराने के अदालत के फैसले का स्वागत किया। माकपा के प्रदेश सचिव एमवी गोविंदन ने कहा कि अदालत ने तीन लोगों को दोषी ठहराया और बाकी 16 को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।