विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केरल से कर्नाक पहुंचा एथनॉल विवाद: पेट्रोल में तय सीमा से अधिक मिलावट के शक पर सियासत; अब जांच करा रही सरकार

Published: Mon, 09 Nov 2026 10:55 PM (IST)

कर्नाटक के बाद अब केरल सरकार भी एथनॉल मिश्रित पेट्रोल की जांच करा रही है, जहां वाहनों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें मिली हैं।

सांकेतिक तस्वीर

सांकेतिक तस्वीर

तिरुअनंतपुरम, प्रेट्र। एथनॉल मिश्रित पेट्रोल का मुद्दा कर्नाटक से केरलम पहुंच गया है। कर्नाटक के बाद केरलम की कांग्रेस सरकार भी एथनॉल मिश्रित पेट्रोल की जांच करा रही है। राज्य के नागरिक आपूर्ति मंत्री अनूप जैकब ने सोमवार को बताया है कि चार जिलों में पेट्रोल पंपों की औचक जांच की जा रही है।

बता दें कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाए जाने का आरोप लगाया है। जबकि पेट्रोलियम मंत्रालय सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों की ओर से सप्लाई किए जाने वाले ई20 पेट्रोल में 26-31 प्रतिशत तक एथनॉल मिलाए जाने के कर्नाटक सरकार के आरोपों को खारिज कर चुका है।

जैकब ने पत्रकारों से कहा कि कर्नाटक में सामने आए आरोपों के अलावा केरलम में भी वाहनों को नुकसान पहुंचने की शिकायतें मिली हैं। इसलिए राज्य सरकार ने जांच के आदेश देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, 'वाहनों को नुकसान पहुंचने और ईंधन में निर्धारित सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाए जाने की आशंकाओं को लेकर आम लोगों से शिकायतें मिल रही हैं।

लोगों की आशंकाओं को दूर करना सरकार की जिम्मेदारी है। इसी वजह से जांच के आदेश दिए गए हैं।' जैकब ने बताया कि विभिन्न पेट्रोल पंपों से नमूने एकत्र किए जा रहे हैं और उन्हें सरकारी प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के नतीजे दस दिन के अंदर आने की उम्मीद है।

कर्नाटक में सियासी घमासान तेज

कर्नाटक में एथनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार जहां पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक एथनॉल मिलाए जाने के अपने निष्कर्ष पर कायम है, तो वहीं पार्टी कार्यकर्ताओं ने सोमवार को बेंगलुरु में कई पेट्रोल पंपों पर विरोध प्रदर्शन किया। जबकि भाजपा ने राज्य सरकार को आड़े हाथ लिया और कहा कि वह राहुल गांधी को प्रभावित करने के लिए एथनॉल मुद्दे पर राजनीति कर रही है।

कर्नाटक के मंत्री रिजवान अरशद ने कहा कि पेट्रोलियम विपणन कंपनियों (ओएमसी) द्वारा पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत से ज्यादा एथनॉल मिलाने के निष्कर्ष पर राज्य सरकार कायम है।

कुछ नमूनों में इसकी मात्रा 31.2 प्रतिशत तक पाई गई है। उन्होंने ओएमसी को चुनौती दी है कि वे राज्य भर के पेट्रोल पंप से लिए गए 63 नमूनों में एथनॉल की वास्तविक मात्रा बताएं। जबकि भाजपा सांसद यदुवीर कृष्णदत्त ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह राज्य में बढ़ती कीमतों से लोगों का ध्यान हटाने के लिए एथनॉल का मुद्दा उठा रही है।

कर्नाटक के नमूनों में 19.9% एथनॉल: ओएमसी

कर्नाटक में पेट्रोल में तय सीमा से ज्यादा एथनॉल मिलाने के आरोपों के बीच भारत पेट्रोलियम कार्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) समेत पेट्रोलियम विपणन कंपनियों (ओएमसी) ने सोमवार को ई20 की गुणवत्ता की पुष्टि की। उन्होंने उपभोक्ताओं की मौजूदगी में किए गए टेस्ट का हवाला दिया, जिसमें पेट्रोल के नमूनों में 19.9 प्रतिशत एथनॉल मिला।

बीपीसीएल ने एक्स पर एक पोस्ट में यह जानकारी दी। इस बीच, एचपीसीएल ने कर्नाटक में ओएमसी द्वारा टेस्ट किए गए 56 नमूनों का हवाला देते हुए कहा कि नमूनों में औसतन 19.3 प्रतिशत एथनॉल पाया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।