सबरीमाला में अवैध हेल्थ कार्ड पर केरल हाई कोर्ट सख्त, पुलिस जांच के दिए निर्देश
केरल हाई कोर्ट ने सबरीमाला में कर्मचारियों को जारी किए गए अवैध हेल्थ कार्डों पर सख्त रुख अपनाया है और पुलिस को गहन जांच के निर्देश दिए हैं।

सबरीमाला में अवैध हेल्थ कार्ड पर केरल हाई कोर्ट सख्त।
HighLights
अवैध हेल्थ कार्ड मामले में केरल हाई कोर्ट सख्त।
पुलिस को गहन जांच के सख्त निर्देश दिए गए।
जनस्वास्थ्य की रक्षा हेतु नियमों का पालन अनिवार्य।
डिजिटल डेस्क, कोच्चि। केरल हाई कोर्ट ने सबरीमाला में विभिन्न प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों को अवैध और फर्जी हेल्थ कार्ड जारी किए जाने के मामले पर गंभीर रुख अपनाया है। कोर्ट ने इस संबंध में पुलिस शिकायत दर्ज कर गहन जांच करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
यह आदेश सबरीमाला विशेष आयुक्त की रिपोर्ट के आधार पर स्वतः संज्ञान लेते हुए जस्टिस राजा विजयराघवन वी और जस्टिस के.वी. जयकुमार की खंडपीठ ने पारित किया।
रिपोर्ट के अनुसार, पथानामथिट्टा के जिला चिकित्सा अधिकारी को सन्रिधानम के स्वास्थ्य अधिकारी से गंभीर अनियमितताओं की सूचना मिली थी। सन्रिधानम और नीलाक्कल के कुछ प्रतिष्ठानों के कर्मचारियों के लिए बिना किसी चिकित्सीय परीक्षण या रक्त जांच के ही हेल्थ कार्ड जारी कर दिए गए थे। ये दस्तावेज वाट्सएप के जरिये 'मंजू महिमा' नाम से सेव एक मोबाइल नंबर से भेजे गए थे, जिन पर एक चिकित्सक के फर्जी हस्ताक्षर होने का संदेह है।
त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड को कड़े निर्देश
कोर्ट ने त्रावणकोर देवास्वम बोर्ड को यह सुनिश्चित करने का आदेश दिया है कि कर्मचारियों को काम पर रखते समय केवल केरलम के सरकारी चिकित्सा अधिकारियों द्वारा जारी किए गए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र ही स्वीकार किए जाएं।
साथ ही, स्वास्थ्य विभाग की निरीक्षण टीम को अपनी नियमित जांच के दौरान यह सत्यापित करने को कहा गया है कि सभी प्रतिष्ठान निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन कर रहे हैं और सभी कर्मचारी नियमों के अनुरूप वैध प्रमाण पत्र रखते हैं।
स्वच्छता और जनस्वास्थ्य प्राथमिकता
पीठ ने पथानामथिट्टा जिले के पुलिस अधीक्षक को सन्रिधानम के हेल्थ इंस्पेक्टर की शिकायत पर निष्पक्ष जांच कराने का आदेश दिया है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई की जाएगी। कोर्ट ने इस बात पर जोर दिया कि सबरीमाला में बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं, ऐसे में जनस्वास्थ्य और स्वच्छता की रक्षा के लिए नियमों का सख्ती से पालन होना बेहद जरूरी है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।