विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केरलम एक्साइज विभाग का बड़ा कारनामा, ड्रग्स केस के भगोड़े आरोपी को अबू धाबी से लाया गया भारत

Published: Sat, 17 Oct 2026 11:56 AM (IST)

तिरुवनंतपुरम के 2023 के MDMA तस्करी मामले का फरार आरोपी शॉन सुनील ब्रेट अबू धाबी से केरल लाया गया है।

केरलम के आबकारी विभाग भगोड़े आरोपी को अबू धाबी से लाया भारत (AI जेनरेटेड फोटो)

केरलम के आबकारी विभाग भगोड़े आरोपी को अबू धाबी से लाया भारत (AI जेनरेटेड फोटो)

HighLights

  1. MDMA तस्करी मामले का आरोपी अबू धाबी से वापस लाया गया।

  2. आबकारी विभाग ने पहली बार विदेश से आरोपी को प्रत्यर्पित किया।

  3. 2023 के तिरुवनंतपुरम MDMA बरामदगी मामले में गिरफ्तारी।

डिजिटल डेस्क, तिरुवनंतपुरम। केरलम के आबकारी विभाग को तस्करी से जुड़े मामले में बड़ी सफलता मिली है। तिरुवनंतपुरम के अट्टीपरा का रहने वाला शॉन सुनील ब्रेट (24), जो 2023 में दर्ज MDMA बरामदगी मामले में आठवां आरोपी है, उसे विदेश में तलाशने के प्रयासों के बाद अबू धाबी से वापस केरलम लाया गया है।

आबकारी आयुक्त सीरम सांबाशिवा राव ने शनिवार को जानकारी दी कि आबकारी विभाग (Excise Department) के इतिहास में पहली बार है, जब बरामदगी से जुड़े एक मामले के आरोपी को विदेश से प्रत्यर्पित करके वापस लाया गया है।

अबू धाबी से लाया गया भारत

आबकारी आयुक्त ने पत्रकारों को बताया, 'यह मामला 2023 का है, जब पुलिमथ के पास नेट्टा जंक्शन पर अधिकारियों ने लगभग 155 किलोग्राम गांजा और 70 ग्राम MDMA जब्त किया था।'

MDMA (3,4-मिथाइलीनडाइऑक्सीमेथामफेटामाइन) एक सिंथेटिक ड्रग है जो स्टिमुलेंट (उत्तेजक) और साइकेडेलिक (एनटैक्टोजेन) दोनों की तरह काम करता है। इसे आम बोलचाल की भाषा में 'एक्स्टसी' या 'मॉली' कहा जाता है।

आयुक्त सीरम सांबाशिवा राव ने बताया, 'मामले की गंभीरता को देखते हुए बाद में इसे आबकारी अपराध शाखा को सौंप दिया गया था। जांच के दौरान अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि ब्रेट फरार रहा और देश छोड़कर चला गया। ब्रेट के खिलाफ इंटरपोल रेड नोटिस जारी किया गया था।'

राव ने कहा, 'यह पहली बार है जब हम नशीले पदार्थों से जुड़े किसी मामले के आरोपी को दूसरे देश से वापस लाए हैं। आबकारी विभाग द्वारा की गई यह अपनी तरह की पहली कार्रवाई है।'

आबकारी आयुक्त ने आगे कहा, 'इस बात की जांच चल रही है कि ब्रेट को गिरफ्तारी से बचने में किसने मदद की और उसके अंतरराष्ट्रीय संपर्क क्या हैं। उससे पूछताछ के बाद और भी जानकारियां सामने आएंगी।'

कैसे लाया गया भारत?

आबकारी अधिकारियों ने बताया कि पिछले हफ्ते, एंटी-नारकोटिक्स एजेंसी ने भारतीय अधिकारियों को सूचित किया था कि ब्रेट को इंटरपोल नोटिस के आधार पर हिरासत में लिया गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, 'इसके बाद राज्य सरकार ने विदेश मंत्रालय से संपर्क किया और प्रत्यर्पण की प्रक्रिया पूरी की। वहीं आरोपी को आज शनिवार सुबह फ्लाइट के जरिए तिरुवनंतपुरम लाया गया।'

(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें- केरलम: राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी पर भाजपा पार्षद श्रीलेखा के खिलाफ मामला दर्ज, पुनालुर पुलिस ने की कार्रवाई