Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

केरल में युवा कांग्रेस के बछड़ा काटने को लेकर विवाद, कांग्रेस ने पल्ला झाड़ा

केरल में बूचड़खाने को मवेशियों की बिक्री पर रोक के विरोध में कांग्रेस के 'बीफ फेस्ट' को लेकर विवाद पैदा हो गया है।

By Kishor JoshiEdited By: Updated: Mon, 29 May 2017 05:48 AM (IST)
Hero Image
केरल में युवा कांग्रेस के बछड़ा काटने को लेकर विवाद, कांग्रेस ने पल्ला झाड़ा

तिरुअनंतपुरम (एजेंसी)। केरल में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से बछड़ा काटे जाने से विवाद उत्पन्न हो गया है। बूचड़खाने को मवेशियों की बिक्री पर केंद्र सरकार के रोक लगाने के विरोध में कांग्रेस और माकपा के 'बीफ फेस्ट' के दौरान शनिवार को यह घटना हुई।

केरल भाजपा के अध्यक्ष के. राजशेखरन ने इस घटना का फोटो ट्विटर पर डालते हुए इसे निर्दयता का चरम बताया। उन्होंने कहा कि कोई भी सामान्य आदमी इस तरह का व्यवहार नहीं कर सकता। राजग ने इस घटना को लेकर मंगलवार को विरोध दिवस मनाने का फैसला किया है। माकपा सांसद एमबी राजेश ने इसकी निंदा करते हुए कहा कि अतार्किक तरीके के विरोध से बचा जाना चाहिए। ऐसी हरकत संघ परिवार की मदद करेगी।

चौतरफा आलोचनाओं के बाद कांग्रेस ने इससे पल्ला झाड़ लिया है। पार्टी प्रवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों का पार्टी समर्थन नहीं करेगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ने भी इस घटना की निंदा की। हालांकि बछड़ा काटकर विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व करने वाले युवा कांग्रेस कार्यकर्ता रिजील माकुल्टी ने कहा कि हमें अपनी कार्रवाई पर अफसोस नहीं है। इस बीच भाजपा युवा मोर्चा कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने माकुल्टी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। 18 महीने के बछड़े को काटकर युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वहां मौजूद लोगों के बीच मांस बांटा था।

उधर, केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा है कि वह काटे जाने के लिए मवेशियों की बिक्री पर केंद्र के रोक के खिलाफ कानून बनाएंगे। उन्होंने कहा कि केरल के लोगों को खानपान के लिए नई दिल्ली या नागपुर से सीखने की जरूरत नहीं है।

यह भी पढ़ें: केंद्र के फैसले के खिलाफ पूरे केरल में बीफ फेस्ट का आयोजन

यह भी पढ़ें: केरल: CPM नेता का विवादित बयान, कहा- सेना करती है रेप