विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'बच्चे चिल्ला रहे थे, हमें बचाओ'; काजीरंगा बस हादसे के चश्मदीद ने बयां किया खौफनाक मंजर

Published: Sun, 15 Nov 2026 06:45 PM (IST)

असम के काजीरंगा के पास NH 715 पर बस-ट्रक की भीषण टक्कर में 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हुए।

काजीरंगा बस हादसे का खौफनाक मंजर (फाइल फोटो)

काजीरंगा बस हादसे का खौफनाक मंजर (फाइल फोटो)

HighLights

  1. काजीरंगा में बस-ट्रक टक्कर से 26 लोगों की मौत, कई घायल।

  2. प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया खौफनाक मंजर, स्थानीय लोगों ने की मदद।

  3. आपातकालीन सेवाओं की कमी पर उठे गंभीर सवाल, व्यवस्था पर प्रश्नचिन्ह।

डिजिटल डेस्क, गुवाहाटी। असम के काजीरंगा के पास नेशनल हाईवे 715 पर फोर्स ट्रैवलर बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 26 लोगों की मौत हुई थी, कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए।

इस हादसे के दौरान स्थानीय लोगों ने कई लोगों को जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने हादसे का खौफनाक मंजर भी बयां किया।

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शी अमीन बावरी, जो अपने एक दोस्त के साथ बाइक से जा रहे थे, ने इस खौफनाक मंजर को बयां किया। बावरी के अनुसार, वे बस से लगभग 30 मीटर की दूरी पर थे, तभी एक जगह पर बस एक महिला और एक बच्चे को बैठाने के लिए रुकी।

बस के दोबारा चलने के कुछ ही देर बाद, उन्हें एक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी और सामने चारों तरफ धुआं फैल गया। इसके बाद उन्हें एहसास हुआ कि बस का एक्सीडेंट हो गया है। जब वे और उनके दोस्त पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि फोर्स ट्रैवलर की एक ट्रक से आमने-सामने की जोरदार टक्कर हुई है।

खिड़कियां तोड़कर बाहर निकाले लोग

इस हादसे के बाद बस के दरवाजे पूरी तरह जाम और बंद हो चुके थे, जिससे अंदर बैठे यात्री बुरी तरह फंस गए। बच्चे और अन्य यात्री मदद के लिए चीख-पुकार मचा रहे थे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अमीन बावरी और उनके दोस्त ने तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया।

बावरी ने बताया, बच्चे रो रहे थे और हमें बचाओ चिल्ला रहे थे। दरवाजे बंद होने के कारण हम उन्हें खोल नहीं पाए, इसलिए हमने खिड़कियों के शीशे तोड़ दिए और जो भी मिला उसे बाहर निकाला। शुरुआती समय में केवल वे दोनों ही बचाव में जुटे थे।

उन्होंने करीब छह अलग-अलग वाहनों का इंतजाम कर घायलों को पास के कोहोरा मेडिकल सेंटर पहुंचाया। हालात इतने भयावह थे कि बस की सीटें अपनी जगह से उखड़ चुकी थीं। बावरी ने बताया कि धुएं को देखकर कुछ लोग डरकर रुकने से हिचकिचा रहे थे, लेकिन उन्होंने बिना इमरजेंसी टीमों का इंतजार किए जान बचाने को प्राथमिकता दी।

अपनों को खोने के बावजूद की मदद

इस हादसे में स्थानीय निवासी विकास ने अपने परिवार के चार सदस्यों, अपनी बहन, भाभी, चाची और भाई को खो दिया। इसके बावजूद, अपनों की मौत के इस गहरे सदमे और दुख को दरकिनार करते हुए विकास ने अन्य घायलों को अस्पताल पहुँचाने में बढ़-चढ़कर मदद की।

व्यवस्था पर उठे सवाल

इस भीषण हादसे के बाद स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों ने हाईवे पर आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय मेडिकल सेंटर की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कोहोरा मेडिकल सेंटर में बुनियादी सुविधाओं का भारी अभाव है। वहां मरीजों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए स्ट्रेचर ट्रॉली तक उपलब्ध नहीं थी।

इसके अलावा, सरकारी एम्बुलेंस को घटनास्थल पर पहुंचने में काफी देर लगी। लोगों का कहना है कि जब उन्होंने 108 पर कॉल किया, तो बार-बार लोकेशन पूछी गई, जबकि सबसे पहले मौके पर एक चाय बागान की निजी एंबुलेंस पहुंची थी।

इसके अलावा, अमीन बावरी ने गाड़ी की तेज रफ्तार और उसमें क्षमता से अधिक यात्रियों के होने की आशंका जताई है। उनका दावा है कि हादसे का शिकार हुई बस में लगभग 40 लोग सवार हो सकते हैं, हालांकि इन दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।