नवजात संग अफगानिस्तान रवाना हुई करजई की पत्नी
अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई की पत्नी जीनत करजई शुक्रवार की शाम अपनी नवजात पुत्री के साथ गुड़गांव के फोर्टिस अस्पताल से वापस वतन रवाना हो गई। गत मंगलवार को सुबह
गुड़गांव, जागरण संवाददाता। अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई की पत्नी जीनत करजई शुक्रवार की शाम अपनी नवजात पुत्री के साथ गुड़गांव के फोर्टिस अस्पताल से वापस वतन रवाना हो गई। गत मंगलवार को सुबह 9.30 बजे उन्होंने अस्पताल में ऑपरेशन के जरिये पुत्री को जन्म दिया था।
बृहस्पतिवार को राष्ट्रपति हामिद करजई अस्पताल आए थे। उन्होंने पत्नी और बेटी के साथ करीब आधे घंटे का वक्त गुजारा। यह उनकी अनौपचारिक यात्रा थी, मगर अस्पताल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जीनत पिछले हफ्ते सेक्टर 44 स्थित फोर्टिस मेमोरियल रिसर्च इंस्टीटयूट में भर्ती हुई थीं। शिशु जन्म में संभावित जटिलताओं के कारण उन्हें अफगानिस्तान के डॉक्टरों ने भारत आने की सलाह दी थी। अस्पताल की स्त्री एवं प्रसूति विभाग की अध्यक्ष डॉ. सुनीता मित्तल की देखरेख में जीनत ने पुत्री को जन्म दिया। उन्हें अस्पताल के कमरा संख्या 501 में रखा गया था। सूत्रों के अनुसार, जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ और बेहतर हैं। अस्पताल प्रबंधन उनके बारे में कोई भी आधिकारिक जानकारी देने से इन्कार कर रहा है।