150 साल बाद आया ऐतिहासिक पल, तमिलनाडु में दीपथून स्थल पर ही जला दीपक; भावुक हो गए श्रद्धालु
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शाम पांच बजे जैसे ही दीप प्रज्वलित किया गया, पत्थर के इस स्तंभ पर दीप जलाने का अधिकार पाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य भावुक हो गए।

150 साल बाद आया ऐतिहासिक पल, तमिलनाडु में दीपथून स्थल पर ही जला दीपक
HighLights
तमिलनाडु में तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर पत्थर के स्तंभ पर प्रज्वलित किया गया कार्तिगई दीपम
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर हाई कोर्ट के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की मौजूदगी में हुआ आयोजन
हिंदू संगठनों के लिए ऐतिहासिक और भावुक करने वाला क्षण, भगवान मुरुगन की जय के नारे गूंजे
पीटीआई, मदुरै। सनातन के लिए शनिवार ऐतिहासिक और भावुक कर देने वाला दिन रहा। आखिर हो भी क्यों न, 150 से अधिक वर्षों में पहली बार तमिलनाडु के मदुरै में स्थित धार्मिक स्थल तिरुपरंकुंद्रम की पहाड़ी पर "दीपथून" के ऊपर कार्तिगई दीपम जो जलाया गया। हजारों लोग इसके गवाह बने। वहां भगवान मुरुगन की जय के नारे गूंज उठे।
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर शाम पांच बजे जैसे ही दीप प्रज्वलित किया गया, पत्थर के इस स्तंभ पर दीप जलाने का अधिकार पाने के लिए लंबे समय से संघर्ष कर रहे श्रद्धालु और हिंदू संगठनों के सदस्य भावुक हो गए।
"महा दीपम" जलते ही कुछ श्रद्धालुओं की आंखों में अश्रु धारा बह निकली, काफी श्रद्धालुओं ने फूल बरसाए। शंख और पारंपरिक वाद्ययंत्र बजाए, मंत्रोच्चार किया। यही नहीं, खुशी जाहिर करते हुए कुछ श्रद्धालुओं ने अपने ऊपरी अंगवस्त्रम भी हवा में लहराए।
इस दौरान आतिशबाजी भी की गई। ब्रिटिश शासन के दौरान 1862 और 1912 में किए गए प्रयासों सहित पहले की कोशिशें नाकाम रहने के बाद पहली बार इस स्थान पर दीपम जलाया गया। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि 19वीं सदी के मध्य से पहले पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में दीप जलाने की कोशिश हुई थी या वहां दीप जलाया गया था।
सुप्रीम कोर्ट की ओर से नियुक्त किए गए हाई कोर्ट के पूर्व जस्टिस एस. वैद्यनाथन और जस्टिस वी. पार्थिबन की मौजूदगी में शनिवार को "दीपथून" पर प्रज्वलित किया गया। मिट्टी के बड़े दीपक में 30 किलोग्राम घी और पांच किलो कपूर डाला गया था और इसमें करीब 50 मीटर लंबी सूती बाती बनाई गई थी।
सीआरपीएफ के आईजी विक्रम ने बताया कि दीपथून के पास आम लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई थी और समारोह में चुनिंदा लोग थे। हालांकि पहाड़ी की तलहटी में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे और इस ऐतिहासिक क्षण के गवाह बने। लोग पास के फ्लाईओवर, घरों और ऊंची इमारतों की छतों तक पर खड़े हुए थे।
सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश के बावजूद तिरुपरंकुंद्रम में दीपथून पर 24 नवंबर यानी मंगलवार को दीपक नहीं जलाए जाने पर शुक्रवार को गहरी नाराजगी जताते हुए तमिलनाडु के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया था।
कोर्ट ने 28 नवंबर को दीपथून पर कार्तिगई दीप जलाने का आदेश दिया था। यही नहीं, कोर्ट ने मंदिर और तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा सीआरपीएफ को सौंप दी थी।
बता दें कि तमिलनाडु की तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) सरकार ने तिरुपरंकुंद्रम में वार्षिक 'कार्तिगई दीपम' का आयोजन 'उच्ची पिल्लैयार मंडपम' में किया था जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इसे पहाड़ी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर जलाने का निर्देश दिया था।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध हिंदू मुन्नानी ने पिछली सदी के नौवें दशक की शुरुआत में जनमत जुटाने और जन आंदोलन खड़ा करने की पहल की थी। इसके बाद अदालतों में कानूनी लड़ाई चली। करीब चार दशक बाद इस मुहिम में जुटे लोगों का सपना पूरा हुआ।
शनिवार शाम जैसे ही सशस्त्र सीआरपीएफ कर्मियों की कड़ी सुरक्षा के बीच दीपथून पर कार्तिगई दीपम जलाया गया, श्रद्धालुओं ने 'वेत्रिवेल, वीरवेल' (मुरुगन के भाले की जय, भगवान के वीर भाले की जय) और 'वेत्रिवेल मुरुगनुक्कु अरोहरा' (विजयी भाला धारण करने वाले भगवान मुरुगन को नमन) के जयकारे लगाए।
शंखनाद, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और आतिशबाजी के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। पीएम नरेन्द्र मोदी ने भी एक्स पर पोस्ट किया था- "पवित्र भाला धारण करने वाले भगवान मुरुगन की जय हो!"
महा दीपम कहां जलाया जाए, लंबे समय से चला आ रहा विवाद
तिरुपरंकुंद्रम में विवाद इस बात को लेकर है कि पारंपरिक तमिल हिंदू त्योहार "कार्तिगई दीपम" का सालाना दीपक जिसे 'महा दीपम' कहा जाता है, उसे कहां जलाया जाए?
भाजपा व हिंदू संगठन इसे दीपथून पर जलाने की लगातार मांग करते रहे हैं। तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी तमिलनाडु के सबसे महत्वपूर्ण हिंदू तीर्थस्थलों में से एक है। यहां भगवान मुरुगन को समर्पित अरुल्मिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर है।
पहाड़ी पर हजरत सुल्तान सिकंदर बदूशा औलिया की दरगाह और शिखर के पास एक मस्जिद भी है। यहां भूमि के स्वामित्व और धार्मिक अधिकारों को लेकर विवाद सामने आते रहे हैं।
1920 से चले आ रहे दीवानी अदालत और प्रिवी काउंसिल के फैसलों के आधार पर मद्रास हाई कोर्ट ने कहा है कि पहाड़ी के अधिकांश हिस्से का स्वामित्व मंदिर के पास है। हालांकि, दरगाह और नेल्लिथोपे दफनभूमि समेत कुछ स्पष्ट रूप से सीमांकित इलाके इसके अपवाद हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।