कर्नाटक में खौफनाक वारदात, SSB जवान ने गर्लफ्रेंड को झरने पर ले जाकर किया मर्डर
कर्नाटक के बेलगावी में SSB जवान ने गर्लफ्रेंड की हत्या कर दी और उसकी लाश को झरने में फेंक दिया।

SSB जवान ने किया गर्लफ्रेंड का मर्डर
HighLights
SSB जवान ने की गर्लफ्रेंड की हत्या
चार साल तक दिया शादी करने का झांसा
मर्डर के बाद लाश को झरने में फेंका
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। कर्नाटक के बेलगावी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को चार साल तक शादी का झांसा दिया।
28 अक्टूबर को वे दोनों शादी करने को लेकर बात करने के लिए कर्नाटक के गोकाक झरने पर गए, लेकिन युवक ने गर्लफ्रेंड की गला घोंटकर हत्या कर दी।
आरोपी, 29 वर्षीय बसप्पा सतनवर, बेलगावी जिले का रहने वाला है और बिहार में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 21वीं बटालियन में कांस्टेबल के पद पर तैनात है।
शादी करने की बात पर कर दी हत्या
रिपोर्ट्स के मुताबिक, SSB जवान बसप्पा सतनवर और उसकी गर्लफ्रेंड रक्षिता सारिकर दोनों पिछले चार साल से रिलेशनशिप में थे। बसप्पा ने रक्षिता से शादी करने का वादा किया था, लेकिन इसी बात को लेकर अक्सर उनके बीच झगड़े होते रहते थे।
पुलिस ने बताया कि 28 अक्टूबर को बसप्पा, रक्षिता को गोकाक झरने पर ले गया। उसने शादी और भविष्य के बारे में बात करने का बहाना बनाया था।
हालांकि, वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच बहस हो गई। बताया जा रहा है कि बसप्पा ने रक्षिता के साथ मारपीट की, उसके कान पर मारा और फिर गला घोंटकर मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने हत्या के बाद शव को झरने के पास एक पहाड़ी ढलान पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गया।
SSB जवान गिरफ्तार
पुलिस ने जब रक्षिता को खोजने के लिए तलाशी अभियान चलाया, तब इस हत्या का पता चला। पूछताछ के बाद, बसप्पा को रक्षिता की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी को उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- 'E20 पेट्रोल में 30 प्रतिशत एथनॉल', कर्नाटक सरकार का दावा; उपभोक्ताओं के लिए राहत कोष की मांग