मंगलुरु की ऑयल रिफाइनरी में धमाके के बाद लगी आग, कई घरों की खिड़कियां टूटीं; महसूस हुए भूकंप जैसे झटके
मंगलुरु के जोकट्टे स्थित एमआरपीएल ऑयल रिफाइनरी में हुए भीषण धमाके से आसपास के घरों में झटके महसूस हुए और खिड़कियों के शीशे टूट गए।
HighLights
एमआरपीएल ऑयल रिफाइनरी में जोकट्टे के पास जबरदस्त धमाका हुआ।
धमाके से आसपास के घरों में झटके महसूस हुए, खिड़कियां टूटीं।
घटना पर एमआरपीएल का कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
डिजिटल डेस्क, मंगलुरु। कर्नाटक के मंगलुरु में जोकट्टे के पास एमआरपीएल ऑयल रिफाइनरी में जबरदस्त धमाका हुआ। इस धमाके से घर हिल गए और लोगों को झटके महसूस हुए। इस बात की जानकारी न्यूज एजेंसी पीटीआई ने स्थानीय लोगों के हवाले से दी है।
तेज धमाके के बाद घने काले धुएं का गुबार उठा, जो दूर से भी दिखाई दे रहा था। बताया जा रहा है कि धमाका जोकट्टे इलाके में हुआ, जहां रिफाइनरी का तीसरा प्लांट है। प्लांट से आग की लपटें और घना धुआं निकलता देखा गया।
पुलिस ने क्या बताया?
पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने कहा, हाइड्रो सल्फर ट्रीटमेंट यूनिट में जबरदस्त धमाके और उसके बाद लगी आग में आठ लोग घायल हो गए। प्लांट परिसर में घायल हुए एक व्यक्ति को इलाज के लिए श्रीनिवास अस्पताल ले जाया गया है और उसकी पहचान राजेश के तौर पर हुई है। वह खतरे से बाहर है। सीपी, डीसी और सीईओ मौजूद हैं।
धमाके के बाद लोगों ने मससूस किए झटके
हालांकि, मैंगलोर रिफाइनरी एंड पेट्रोकेमिकल्स लिमिटेड (MRPL) की ओर से इस घटना के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। आस-पास के इलाकों बाजपे, कलावरु, बैकामपाडी, जोकट्टे, सुरथकल और कटिपल्ला के लोगों ने झटके महसूस किए। धमाके के असर से घरों की खिड़कियों और दरवाजों के शीशे और साथ ही जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन के शीशे भी टूट गए।
दूर-दराज इलाकों में भी सुनाई दी धमाके की आवाज
जोकट्टे ग्राम पंचायत भवन और उसके आस-पास के लोगों ने अपने घरों को हिलते हुए महसूस किया और घबराकर बाहर निकल आए। कुछ इमारतों में दरारें आने की भी खबर है। DYFI नेता मुनीर कटिपल्ला के अनुसार, घबराहट के बीच बड़ी संख्या में लोग पंचायत भवन के पास जमा हो गए हैं। धमाके जैसी तेज आवाज दूर के इलाकों बैकामपाडी और सुरथकल में भी सुनी गई। मंगलुरु, पांडेश्वर और आस-पास के इलाकों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई हैं।
