Karnataka Honour Killing: नाबालिग लड़की की हत्या का आडियो क्लिप से हुआ खुलासा, माता-पिता ने दलित लड़के से प्यार करने की दी सजा
Karnataka Honour Killing लड़की का एक आडियो सामने आया है जिसमें लड़के के साथ बातचीत करते समय उसने अपने माता-पिता और रिश्तेदारों को अपनी मौत होने पर दोषी ठहराया है। पुलिस ने उसकी मां को हिरासत में ले लिया है।
मैसूर, आइएएनएस। कर्नाटक के मैसूर जिले के पेरियापटना थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़की की हत्या को लेकर एक अहम खुलासा हुआ है। लड़की के एक आडियो क्लिप में कथित तौर पर पिता द्वारा दलित लड़के के साथ उसके संबंध होने के कारण हत्या करने की बात सामने आई है। लड़की शालिनी के एक आडियो में यह सामने आया है कि उसके माता-पिता उसकी हत्या करना चाहते थे। इस बीच पुलिस ने उसकी मां को हिरासत में ले लिया है।
माता-पिता और रिश्तेदार मौत के दोषी!
कागगुंडी गांव निवासी सुरेश ने सोमवार को अपनी 17 वर्षीय बेटी शालिनी को एक दलित लड़के से प्यार करने के लिए मार डाला था। अब लड़की का एक आडियो सामने आया है जिसमें लड़के के साथ बातचीत करते समय उसने अपने माता-पिता और रिश्तेदारों को अपनी मौत होने पर दोषी ठहराया है।
डीजी या आईजीपी को काल रिकार्डिंग देने को कहा
बता दें कि लड़की ने लड़के से उसकी काल रिकार्ड करने और उसे कुछ होने पर पुलिस को सौंपने के लिए भी कहा था। लड़की ने कहा, ''ऐसा लगता है कि मेरे खिलाफ कोई साजिश चल रही है और अगर मेरा अपहरण, हत्या हो जाती है तो इस आडियो क्लिप को पेरियापटना पुलिस और डीजी या आईजीपी को दे देना। उसने आगे कहा अगर कुछ होता है, तो मेरे माता-पिता और रिश्तेदार जिम्मेदार होंगे।
लड़की के पिता ने लड़के को मारने के लिए दी सुपारी
गौरतलब है कि पुलिस लड़की के माता-पिता सुरेश और मां बेबी से पूछताछ कर रही है। वहीं दलित लड़के मंजूनाथ ने पुलिस को सूचित किया कि लड़की के माता-पिता ने उसे मारने के लिए 2 लाख रुपये 'सुपारी' के लिए दिए थे और थाने में उसके खिलाफ तीन झूठी शिकायतें दर्ज कराई थीं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उन्हें एक पत्र मिला है। शालिनी ने लिखा है कि उसकी मृत्यु के मामले में लड़के को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाएगा।
बेटी बोली- मेरे से ज्यादा जाति से प्यार करते हैं पिता
रिकार्डिंग के दौरान लड़की ने अपने पिता पर कई आरोप लगाए, उसने कहा कि मैं जातिगत भेदभाव का शिकार हो गई हूं। मुझे एक दलित लड़के से प्यार हो गया जिसके कारण मेरे पिता ने मुझे गालियां दीं और मेरे साथ मारपीट की। मेरे माता-पिता अपनी बेटी से ज्यादा जाति से प्यार करते हैं। बता दें कि बेटी की हत्या करने के बाद सुरेश ने थाने आकर अपना जुर्म कबूल कर लिया था।