जस्टिस धानुका चार दिनों के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश बने, पांच HC में CJ की हुई नियुक्ति
Bombay High Court New CJ न्याय विभाग ने अधिसूचना जारी कर पांच जजों को हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया है। जस्टिस रमेश देवकीनंदन धानुका को बॉम्बे हाई कोर्ट का चीफ जस्टिस नियुक्त किया गया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। High Court New CJ पांच जजों को शुक्रवार को विभिन्न उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। इनमें से एक मुख्य न्यायाधीश 30 मई को सेवानिवृत्त होने वाले हैं। केंद्रीय कानून मंत्रालय के तहत आने वाले न्याय विभाग ने जस्टिस रमेश देवकीनंदन धानुका को बॉम्बे हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की अधिसूचना जारी की है।
बॉम्बे हाई कोर्ट में ही जज हैं जस्टिस धानुका
इस समय जस्टिस धानुका बांबे हाई कोर्ट में ही जज हैं। 30 मई को 62 साल का होने पर वह रिटायर हो जाएंगे। इस तरह बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में प्रभावी रूप से उनका कार्यकाल महज चार दिनों का होगा। बॉम्बे हाई कोर्ट के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश संजय विजयकुमार गंगापुरवाला को मद्रास हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
जज आगस्टीन जार्ज राजस्थान हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश होंगे
पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के जज आगस्टीन जार्ज मसीह को राजस्थान हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश बनाने की अधिसूचना जारी की गई है। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के जज मामिदन्ना सत्य रत्न श्रीरामचंद्र राव को हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
केरल हाई कोर्ट के जज सरस वेंकटनारायण भट्टी को उसी अदालत का मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है। इससे पहले बुधवार को जस्टिस एस वैद्यनाथन को मद्रास हाई कोर्ट का कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।
कॉलेजियम ने की थी सिफारिश
जजों की नियुक्ति को लेकर अप्रैल में ही सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने केंद्र से सिफारिश की थी। SC की सिफारिश के तहत, जस्टिस गंगापुरवाला को मद्रास हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश और जस्टिस धानुका को बॉम्बे हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस नियुक्त करने को कहा गया था।
बताते चलें, सुप्रीम कोर्ट कोर्ट के जज जहां 65 साल का होने पर रिटायर होते हैं, वहीं हाई कोर्ट के जजों की सेवानिवृत्ति आयु 62 साल है।