विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'समय पर न्याय ही सच्चा न्याय, लंबित मुकदमे बड़ी चुनौती', संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा संदेश

Published: Thu, 26 Nov 2026 11:04 PM (GMT+05:30)

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने संविधान दिवस पर कहा कि समय पर न्याय मिलना न्याय की अवधारणा का अनिवार्य अंग है, लेकिन लंबित मुकदमों की भारी संख्या एक बड़ी चुनौती है। 

संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा संदेश। (X- @rashtrapatibhvn)

संविधान दिवस पर राष्ट्रपति मुर्मु का बड़ा संदेश। (X- @rashtrapatibhvn)

HighLights

  1. समय पर न्याय मिलना न्याय की अवधारणा का अनिवार्य अंग।

  2. लंबित मुकदमों की भारी संख्या न्याय व्यवस्था के लिए चुनौती।

  3. गरीबों को निशुल्क कानूनी सहायता, न्याय सुलभ कराने पर जोर।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा कि समय पर न्याय मिलना, न्याय की अवधारणा का अनिवार्य अंग है। समय पर न्याय सुलभ कराने के लिए न्यायपालिका द्वारा पद्धतियों को सरल बनाने के लिए टैक्नोलॉजी का उपयोग करने तथा विशेष न्यायालयों का गठन करने जैसे अनेक प्रयास किये जा रहे हैं। इन प्रयासों के बावजूद लंबित मुकदमों की भारी संख्या न्याय व्यवस्था के लिए बहुत बड़ी चुनौती बनी हुई है।

राष्ट्रपति ने समाज में असमानता को रेखांकित करते हुए सभी को समान अवसर और न्याय और कानून के समक्ष समानता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ बोलने बात नहीं है, इसे करना होगा।

राष्ट्रपति मुर्मु ने गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट परिसर में आयोजित संविधान दिवस समारोह में कहा कि उन्हें विश्वास है कि न्यायपालिका के प्रत्येक स्तर पर किए जा रहे प्रयासों के बल पर इस चुनौती का समाधान किया जा सकेगा।

राष्ट्रपति ने कहा कि निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध करा कर समान अवसर के आधार पर न्याय को सुलभ बनाना संविधान का एक निर्देश है। उन्होंने गरीब और वंचित वर्गों के लिए लोगों को गुणवत्तापूर्ण और विश्वस्नीय कानूनी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

कहा कि हर व्यक्ति के पास उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं होते। कमजोर और वंचित वर्गों तक न्याय पहुंचाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए जिला, राज्य और राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरणों को और अधिक प्रयास करने होंगे।

उन्होंने बताया कि देश के कुछ जिलों में बड़ी संख्या में आपराधिक मामले लंबित हैं। लेकिन केंद्र सरकार ने इन जिलों में इस चुनौती से निपटने के लिए राष्ट्रीय विधिक विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर काम करने की पहल की है। इस प्रयास में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं और निशुल्क कानूनी सेवाएं देने वाले क्लबों को शामिल किया जा रहा है। ऐसी पहल विद्यार्थियों में संवेदनशीलता विकसित करेगी और उन्हें जमीनी स्तर की कानूनी प्रक्रियाओं से परिचित कराएगी।

राष्ट्रपति ने कहा कि न्यायपालिका और वकालत के क्षेत्र में महिलाओं की अधिक और सक्रिय भागीदारी से समाज को अधिक निष्पक्ष, न्यायपूर्ण, समानतापूर्ण और समावेशी बनाने में मदद मिलेगी।

संविधान प्रत्येक नागरिक के साथ न्याय का संकल्प : सीजेआई

भारत के प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत ने इसी मौके पर सुप्रीम कोर्ट को विशेषाधिकार प्राप्त लोगों की अदालत से वास्तविक अर्थों में आम जनता का न्यायालय बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान कुछ भाग्यशाली लोगों को लाभ पहुंचाने का दस्तावेज नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के साथ न्याय का संकल्प है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि बीते वर्षों में इस न्यायालय ने उस संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखने का प्रयास किया है। इस मौके पर वार्षिक रिपोर्ट भी जारी हुई।

संविधान भारत के लोकतांत्रित ढांचे का आधार : मेघवाल

कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भारतीय संविधान और भारतीय लोकतंत्र की खासियतों और समाज में व्याप्त असमानता को दूर करने के लिए किए जा रहे प्रयासों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि कैसे लोगों तक निशुल्क न्याय पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने संविधान को भारत के लोकतांत्रिक ढांचे का आधार बताते हुए हुए नागरिकों में उनके संवैधानिक अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।