'एक ही समुदाय को खुश करने के लिए हो रही जजों की सिफारिशें': पूर्व CJI बीआर गवई की राष्ट्रपति को चिट्ठी
पूर्व CJI बी.आर. गवई ने राष्ट्रपति को पत्र लिखकर उच्च न्यायपालिका में नियुक्तियों के दौरान योग्यता और विविधता की अनदेखी पर चिंता जताई है।

पूर्व CJI बी.आर. गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को लिखी चिट्ठी (फाइल फोटो)
HighLights
पूर्व CJI गवई ने राष्ट्रपति को न्यायिक नियुक्तियों पर चिंता व्यक्त की।
उच्च न्यायपालिका में योग्यता और विविधता की अनदेखी पर सवाल उठाए।
एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया, संतुलन की मांग।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश के पूर्व मुख्य न्यायाधीश (CJI) बी.आर. गवई ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को पत्र लिखकर उच्च न्यायपालिका में नियुक्तियों और तबादलों के दौरान योग्यता, विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों की लगातार अनदेखी किए जाने पर चिंता जताई है।
पूर्व CJI ने आरोप लगाया है कि सिफारिशें करते समय समाज के अन्य वर्गों की अनदेखी करके किसी एक विशेष समुदाय को प्राथमिकता दी जा रही है।
पूर्व CJI गवई ने यह पत्र प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल को भी भेजा। बी.आर. गवाई सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम के सदस्य रहे हैं और बाद में भारत के मुख्य न्यायाधीश के रूप में इसके प्रमुख भी रहे।
बी.आर. गवई ने कहा कि वे एक चिंतित नागरिक और पूर्व CJI के तौर पर यह पत्र लिख रहे हैं। उन्होंने एक ऐसी चिंताजनक प्रवृत्ति की ओर इशारा किया है, जिसे सुधारने के लिए सभी संबंधित पक्षों को तुरंत कदम उठाने की आवश्यकता है।
न्यायिक नियुक्तियों पर उठाए सवाल
पूर्व CJI गवई ने 27 नवंबर को लिखे पत्र में राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि वे इस मुद्दे पर ध्यान दें और उचित कदम उठाएं, ताकि भारतीय लोकतंत्र के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभों में से एक में 'समान प्रतिनिधित्व' के संवैधानिक कर्तव्य को बनाए रखा जा सके।
कॉलेजियम में अपने कार्यकाल को याद करते हुए, गवई ने कहा कि उन्होंने हमेशा विविधता और समावेशिता के सिद्धांतों का पालन किया है।
पूर्व CJI ने बताया कि जब भी उन्होंने हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में न्यायाधीशों की नियुक्ति के लिए सिफारिशें कीं, तो उन्होंने हमेशा यह सुनिश्चित किया कि समाज के विभिन्न वर्गों जैसे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, महिलाएं और अन्य वंचित समुदायों को उचित प्रतिनिधित्व मिले।
पूर्व CJI गवई ने पत्र में आगे लिखा कि हाल के समय में कुछ ऐसी चिंताजनक घटनाएं सामने आई हैं, जिनसे पता चलता है कि इन सिद्धांतों की पूरी तरह से अनदेखी की जा रही है।
पूर्व CJI ने आरोप लगाया, 'मुझे इस बात की गहरी चिंता हो रही है कि सिफारिशें करते समय केवल एक समुदाय को खुश करने और उन्हें लाभ पहुंचाने पर ध्यान दिया जा रहा है।'
गवाई ने स्पष्ट किया कि उन्हें 'अगड़ी जातियों' (forward communities) के उम्मीदवारों के न्यायिक नियुक्तियों में शामिल किए जाने से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उनका हमेशा यही प्रयास रहा है कि समाज के सभी वर्गों के बीच एक उचित संतुलन बना रहे।
न्यायालय की नियुक्तियों में जाति का रिकॉर्ड नहीं
संसदीय आंकड़ों का हवाला देते हुए, पूर्व CJI ने कहा कि मार्च 2025 में केंद्रीय कानून मंत्री द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, 2018 से नियुक्त किए गए 715 उच्च न्यायालय के न्यायाधीशों में से केवल 22 अनुसूचित जाति, 16 अनुसूचित जनजाति, 89 अन्य पिछड़ा वर्ग और 37 अल्पसंख्यक समुदायों से थे।
गवई ने आगे बताया कि जनवरी 2021 से जनवरी 2026 के बीच, न्यायिक नियुक्तियों में अगड़ी जातियों की हिस्सेदारी लगभग 80 प्रतिशत थी, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व लगभग 14 प्रतिशत था।
सर्वोच्च न्यायालय में नियुक्तियों के दौरान एक विशेष समुदाय के प्रतिनिधित्व पर भी चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि देश की कुल आबादी में पांच प्रतिशत से भी कम हिस्सेदारी रखने वाले एक समुदाय को हाल के समय में सर्वोच्च न्यायालय में 40 प्रतिशत से अधिक प्रतिनिधित्व मिला है।
गवई ने सवाल उठाते हुए कहा कि सर्वोच्च न्यायालय की नियुक्तियों में जाति का रिकॉर्ड नहीं रखा जाता है और इस तरह के डेटा का न होना भी समस्या का एक हिस्सा है।
(समाचार एजेंसी एएनआइ के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- सुप्रीम कोर्ट ने पलटा दिल्ली HC का फैसला, मकोका केस में पूर्व AAP विधायक नरेश बाल्यान को दी जमानत
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।