सीडी कांड में विनोद वर्मा के पुत्र ने पुलिस के खिलाफ दर्ज कराया मुकदमा
सीडी कांड में पुलिस ने विनोद वर्मा को 26 अक्टूबर की रात गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। निचली अदालत से जमानत नहीं मिलने पर हाई कोर्ट में अर्जी लगाई गई।
बिलासपुर, नईदुनिया। कथित अश्लील सीडी कांड में गिरफ्तार विनोद वर्मा के पुत्र विशु वर्मा ने हाई कोर्ट में अलग से याचिका लगाई है। इसमें पिता को झूठे मामले में फंसाने की बात कही गई है। उन्होंने छत्तीसगढ़ पुलिस पर साक्ष्य नष्ट करने का आरोप लगाते हुए गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। इसकी प्रति याचिका के साथ पेश की गई है।
सीडी कांड में पुलिस ने विनोद वर्मा को 26 अक्टूबर की रात गाजियाबाद से गिरफ्तार किया था। निचली अदालत से जमानत नहीं मिलने पर हाई कोर्ट में अर्जी लगाई गई। इसी बीच विनोद वर्मा के पुत्र ने अधिवक्ता सतीश चंद्र वर्मा के माध्यम से हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की है। इसमें जमानत आवेदन के समर्थन में अतिरिक्त साक्ष्य प्रस्तुत करने की अनुमति मांगी गई है।
याचिका में कहा गया है कि गिरफ्तारी के दो दिन पूर्व 24 अक्टूबर की रात भाजपा के कुछ नेता सहित अन्य पत्रकार वर्मा से मिलने घर आए थे। कॉलोनी के आगंतुक रजिस्ट्रर में उन लोगों का नाम व पता दर्ज किया गया। वापसी के समय उन्होंने हस्ताक्षर किये। पुलिस ने रजिस्टर से पन्ना गायब कर दिया। विशु की याचिका के साथ एफआइआर की कापी भी पेश गई है।
यह भी पढ़ें: वरिष्ठ पत्रकार विनोद वर्मा की न्यायिक हिरासत 27 नवंबर तक बढ़ी