एक साथ हुई शादी, लेकिन एक की उठी डोली, दूसरी की अर्थी
दुल्हन की मौत की खबर पाकर गांव में सन्नाटा पसर गया। सुबह बड़ी बहन को विदा करने के बाद छोटी दुल्हन का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
जयपुर, ब्यूरो। राजस्थान के सीकर जिले के अजीतगढ़ में एकसाथ दो बेटियों की शादी करने वाले परिवार में ऐसी घटना हुई, जिसके बारे में सोचा भी नहीं जा सकता था। दोनों बेटियों के एकसाथ फेरे हुए, लेकिन विदाई का समय आया तो एक की डोली उठी और दूसरी की अर्थी।
अजीतगढ़ के गांव बुर्जा की ढाणी में रहने वाले कजोड़मल वर्मा की बेटियों कौशल्या और संतोष की रविवार को शादी थी। चिमनपुरा से कौशल्या और संतोष की बारात आई। बारात का स्वागत हुआ। फेरे भी हो गए, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। अचानक यहां शादी की खुशियां मातम में बदल गई।
फेरे के बाद छोटी दुल्हन संतोष की तबीयत बिगड़ गई। उसे तत्काल अजीतगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गई। संतोष पिछले पांच-सात दिन से बुखार से पीडि़त थी। दुल्हन की मौत की खबर पाकर गांव में सन्नाटा पसर गया। सुबह बड़ी बहन को विदा करने के बाद छोटी दुल्हन का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।
परिजनों ने बताया कि संतोष के 23 अक्टूबर को बाना बैठने के बाद से बुखार से पीडि़त चल रही थी। शादी विवाह के कारण उसका अजीतगढ़ में ही उपचार चल रहा था। लेकिन तबीयत में कोई खास सुधार नजर नहीं आ रहा था। शादी की तैयारियों के बीच संतोष की तबीयत पर किसी ने खास ध्यान नहीं दिया, जिसका इस रूप में सामने आया है।
यह भी पढ़ें: जानें कहां हुई देश की अनूठी शादी- वधू पक्ष ने किया कन्यादान, वर पक्ष ने अंगदान