भोपाल से मुंबई जा रहे विमान के टायर फटे, हादसा टला
जेट एयरवेज की भोपाल से मुंबई जा रहे विमान के टायर फटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक दल के सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
भोपाल (नप्र)। जेट एयरवेज की भोपाल से मुंबई जा रहे विमान के टायर फटने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। चालक दल के सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार जेट एयरवेज की फ्लाइट 9 डब्ल्यूडी 317/318 शनिवार दोपहर करीब सवा तीन बजे भोपाल पहंची। कुछ समय बाद यही फ्लाइट मुंबई जाने के लिए तैयार थी। सुरक्षा जांच के बाद यात्रियों को विमान में सवार कर दिया गया था।
विमान उड़ान भरने वाला था तभी एक पायलेट को व्हीलबेस में कुछ गड़बड़ी की आशंका हुई। विमान स्टार्ट करने से पहले ही चालक दल ने नीचे उतरकर विमान को चेक किया। उसके दोनों टायर फटे हुए थे।
यह खबर मिलते ही विमान के अंदर अफरा-तफरी मच गई। यात्री घबरा गए। बोइंग विमान में करीब 120 यात्री सवार थे। खराबी को देखते हुए यात्रियों को उतार लिया गया और उन्हें खराबी ठीक होने तक इंतजार करने को कहा गया।
टायर बदले फिर भरी उड़ान
यात्रियों को नीचे उतारने के बाद चालक दल ने विमान की जांच की तो वे हैरान रह गए। टायर बुरी तरह क्षतिग्रस्त थे। बताया जाता है कि यदि इस स्थिति में उड़ान भरी जाती तो विमान ग्राउंड लेवल पर ही दुर्घटनाग्रस्त हो सकता था।