यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 13, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
तमिलनाडु की सीएम जयललिता ने कहा, लोगों की दुआओं से मिली नई जिंदगी
गौरतलब है कि जयललिता बीते दो महीनों से अस्पताल में भर्ती हैं। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताया है।

चेन्नई, प्रेट्र । तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जयललिता की बीमारी को लेकर लगाए जा रहे कयास के बीच उनके समर्थकों के लिए अच्छी खबर आई है। राज्य की सीएम ने पहली बार बयान जारी किया है। अपने बयान में उन्होंने लिखा है कि उनकी सेहत में सुधार होने के साथ उनका पुनर्जन्म हुआ है। गौरतलब है कि जयललिता बीते दो महीनों से अस्पताल में भर्ती हैं। साथ ही उन्होंने अपने समर्थकों का आभार जताया है।
जानता के नाम जारी एक पत्र में जयललिता ने कहा, 'तमिलनाडु, दूसरे राज्यों और बाकी दुनिया के लोगों की लगातार प्रार्थनाओं की बदौलत, मेरा पुनर्जन्म हुआ है और मैं इस जानकारी को खुशी-खुशी आपके साथ साझा करना चाहती हूं।' जयललिता का यह लेटर दो पन्नों का है और इसे पार्टी मुख्यालय की तरफ से पार्टी की जनरल सेक्रटरी और मुख्यमंत्री जयललिता के नाम से जारी किया गया।
इसमें जया ने अपनी सेहत की जानकारी देने के अलावा तंजौर, अरावाकुरिची और तिरुपारनकुंद्रम के वोटरों से अपनी पार्टी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा कि मैं इन सभी तीन निर्वाचन क्षेत्रों से पार्टी की जीत के समाचार का इंतजार कर रही हूं। जब मुझे आप लोगों का प्यार और स्नेह मिलता है तो मैं खुश होती हूं और जल्द ही मैं पूरी तरह ठीक हो जाऊंगी और फिर से काम करना शुरू कर दूंगी।
