शिक्षा में मदद के वादों से पीछे हट रहे विकसित राष्ट्र : जावडेकर
केंद्रीय मंत्री ने यह मुद्दा पिछले दिनों पेरिस में आयोजित यूनेस्को की 39 वीं आमसभा में उठाया।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर ने विकसित देशों पर शिक्षा के विकास को लेकर किए गए वादे से पीछे हटने का आरोप लगाया है। उन्होंने इस दौरान शिक्षा में सुधार को लेकर जारी यूनेस्को की उस रिपोर्ट का भी हवाला दिया, जिसमें कहा गया है कि शिक्षा के क्षेत्र में वित्तीय मदद को लेकर अन्तर्राष्ट्रीय प्रतिबद्धताएं कमजोर हुई है।
केंद्रीय मंत्री ने यह मुद्दा पिछले दिनों पेरिस में आयोजित यूनेस्को की 39 वीं आमसभा में उठाया। उन्होंने कहा कि यूनेस्को के एजुकेशन- 2030 एजेंडा के तहत विकसित देशों को शिक्षा के विकास के लिए विकासशील देशों को वित्तीय मदद देना था। विकसित देशों ने मदद का वादा किया गया था। इसके लिए विकसित देशों ने एक तय मानक के तहत वित्तीय मदद उपलब्ध कराना था, लेकिन विकसित देशों ने इसे पूरा नहीं किया।
जावडेकर ने यूनेस्को की आमसभा को संबोधित करते हुए कहा कि दुनिया के काफी देश जहां अभी भी शिक्षा के लिए अपनी जीडीपी का मात्र 0.7 फीसदी राशि खर्च कर रहे है, वहीं भारत 4.5 फीसदी खर्च कर रहा है। इस दौरान उन्होंने भारत में शिक्षा के सुधार को लेकर उठाए गए कदमों से दुनिया भर के देशों को जानकारी दी। पेरिस सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद जावेडकर शुक्रवार को ही देश लौटे है।
यह भी पढ़ेंः इस शर्त पर होगी दलित नेता मेवानी व राहुल गांधी की मुलाकात