विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'सीमा पर बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रहा भारत', चीन बॉर्डर बढ़ी हलचल को लेकर बोले विदेश मंत्री एस. जयशंकर

Published: Sat, 14 Nov 2026 10:59 PM (IST)

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि चीन के साथ भारत की सीमा पर हलचल बढ़ी है, जिसके लिए भारतीय सैनिकों की लगातार और अधिक बड़ी तैनाती की जरूरत है।

चीन सीमा पर बढ़ी हलचल

चीन सीमा पर बढ़ी हलचल

HighLights

  1. चीन सीमा पर बढ़ी हलचल, अधिक सैनिक तैनाती की जरूरत।

  2. भारत सीमा पर बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूत कर रहा है।

  3. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के अधिकांश मुद्दे सुलझ चुके हैं।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को कहा कि चीन के साथ भारत की सीमा पर ‘हलचल’ बढ़ी है और इसके मद्देनजर भारतीय सैनिकों की लगातार और कहीं अधिक बड़ी तैनाती की जरूरत है। उन्होंने सीमा के पास बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के भारत के नीतिगत दृष्टिकोण के बारे में भी बताया।

जयशंकर ने कहा कि 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवन घाटी में हुई हिंसक झड़पों के बाद से भारत ने वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर अपनी सैन्य क्षमताओं को मजबूत किया है। विदेश मंत्री ने यहां एक कार्यक्रम में यह टिप्पणियां की। उनकी ये टिप्पणियां ऐसे समय आई हैं जब भारत और चीन अपने संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

बता दें कि पूर्वी लद्दाख में सैन्य गतिरोध के कारण चार साल से अधिक समय तक भारत और चीन के बीच रिश्ते तनावपूर्ण रहे। अक्टूबर 2024 में रूस के कजान शहर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग की मुलाकात हुई, जिसके बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार की शुरुआत हुई।

जयशंकर ने कहा- ‘जहां तक सीमा की बात है तो मैं ईमानदारी से यह कहना चाहूंगा और मुझे लगता है कि इसे साबित करने के लिए काफी आंकड़े और सुबूत भी मौजूद हैं कि लगभग एक दशक पहले तक सीमा के बुनियादी ढांचे की वास्तव में अनदेखी की गई थी। विदेश मंत्री ने कहा-‘वास्तव में पिछले एक दशक में ही इस पर ध्यान दिया गया तथा संसाधन और नीतिगत बढ़ावा दिया गया।’

भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते पर उन्होंने कहा कि समझौते से जुड़े ज्यादातर मुद्दे सुलझा लिए हैं, जिनमें शुल्क संबंधी मुद्दे भी शामिल हैं। अंतिम मुद्दों को सुलझाने के लिए बातचीत जारी है और समझौते पर जल्द मुहर लग सकती है।
ऐसी अटकलें हैं कि 14 और 15 दिसंबर को मियामी में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन से इतर मोदी और ट्रंप की बातचीत के बाद भारत और अमेरिका व्यापार समझौते की घोषणा कर सकते हैं।

जयशंकर ने कहा- " हमारे लिए अहम यह है कि व्यापार समझौता लाभकारी और संतुलित हो और अर्थव्यवस्थाओं के समूहों के मुकाबले हमें प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त दे।" विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि प्रस्तावित व्यापार समझौते को दोनों देशों के व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखा जाना चाहिए।

जयशंकर ने कहा कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा बाजार है और उसके साथ व्यापार समझौता देश के लिए फायदेमंद होगा। जयशंकर ने यह भी कहा कि पश्चिम एशिया और यूक्रेन में बड़े टकरावों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा, स्वायत्त निर्णय केंद्रों की बढ़ती संख्या और वैश्विक स्तर पर अधिक लेन-देनपरक रुख वाली नई बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था आकार ले रही है। दुनिया बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही है।

(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।