विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'प्रवासी भारतीय भारत और दुनिया के बीच जीवित सेतु', जयशंकर ने 19वें पीबीडी की वेबसाइट लॉन्च की

Published: Wed, 11 Nov 2026 09:04 PM (IST)

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भारतीय प्रवासियों को भारत और दुनिया के बीच 'जीवित सेतु' बताया, जो देश के वर्तमान और भविष्य का अभिन्न हिस्सा हैं।

प्रवासी भारत और दुनिया के बीच जीवित सेतु।

प्रवासी भारत और दुनिया के बीच जीवित सेतु।

HighLights

  1. भारतीय प्रवासी भारत और दुनिया के बीच 'जीवित सेतु' हैं।

  2. 19वां प्रवासी भारतीय दिवस 2027 में कोलकाता में आयोजित होगा।

  3. 'रिटर्न टू रूट्स' थीम प्रवासियों को अपनी जड़ों से जोड़ेगी।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने कहा है कि भारतीय प्रवासी सिर्फ भारत के अतीत से जुड़े नहीं हैं, बल्कि वे देश के वर्तमान का अभिन्न हिस्सा और भविष्य के महत्वपूर्ण हितधारक भी हैं। उन्होंने भारतीय प्रवासियों को भारत और दुनिया के बीच 'जीवित सेतु' करार दिया है।

जयशंकर बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के साथ बुधवार को 19वें प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) की वेबसाइट के लॉन्च समारोह को संबोधित कर रहे थे। 19वां प्रवासी भारतीय दिवस सात से नौ जनवरी, 2027 तक कोलकाता में आयोजित होगा। बंगाल सरकार इस आयोजन की सह-मेजबानी करेगी।

जयशंकर ने बताया कि मुख्य सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे, जबकि समापन सत्र की अध्यक्षता राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु करेंगी। इसी सत्र में प्रवासी भारतीय सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। सम्मेलन में युवा प्रवासी भारतीय दिवस का एक अलग खंड भी होगा।

उन्होंने कहा कि कोलकाता भारत के इतिहास और प्रवासी भारतीयों के विश्वव्यापी प्रसार दोनों में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। यहीं से कई लोग मॉरीशस, फिजी और कैरेबियाई देशों के लिए रवाना हुए और अपने साथ भाषा, रीति-रिवाज और आस्थाएं लेकर गए। प्रवासी भारतीय दिवस महात्मा गांधी की दक्षिण अफ्रीका से भारत वापसी (नौ जनवरी 1915) की याद में मनाया जाता है।

जयशंकर ने प्रवासियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी यात्रा साहस, उद्यम, लचीलेपन और उपलब्धियों की उल्लेखनीय कहानी है। भारतीय प्रवासी विचारों, ज्ञान, नवाचार, संस्कृति और उद्यम के वैश्विक आदान-प्रदान में योगदान देते हैं।

इस बार की यह है थीम

19वें पीबीडी की थीम ‘रिटर्न टू रूट्स: रीइग्नाइटिंग द डायस्पोरा कनेक्ट विद भारत’ है। जयशंकर ने कहा कि यह थीम विदेश में रह रहे भारतीयों को उनकी सभ्यतागत, सांस्कृतिक और पैतृक जड़ों से और गहराई से जोड़ने का प्रयास है। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को अपनी विरासत फिर से खोजने, समकालीन भारत को समझने और अपने पूर्वजों की भूमि से मजबूत संबंध बनाने का अवसर देना है।

उन्होंने बताया कि 19वें पीबीडी के हिस्से के रूप में 'भारतवर्ष' नामक एक गेमिफाइड एप भी बनाया गया है, जो समकालीन तरीके से भारत को प्रवासियों के करीब लाएगा। इसके अलावा ‘भारत को जानिए’ क्विज भी आयोजित की जा रही है, जिसके विजेताओं को भारत का 10 दिवसीय दौरा मिलेगा।

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।