Move to Jagran APP

पीएम माेदी ने वो कर दिखाया जिसकी हिम्‍मत दूसरे नेता नहीं कर पाए

भारत-इजरायल के स्वभाव का अंतर इस तथ्य से समझ सकते हैं कि गुलामी के लंबे कालखंड ने हमको भारतीयता से विरक्त कर दिया।

By Kamal VermaEdited By: Published: Mon, 10 Jul 2017 10:23 AM (IST)Updated: Tue, 11 Jul 2017 09:45 AM (IST)
पीएम माेदी ने वो कर दिखाया जिसकी हिम्‍मत दूसरे नेता नहीं कर पाए
पीएम माेदी ने वो कर दिखाया जिसकी हिम्‍मत दूसरे नेता नहीं कर पाए

संजय द्विवेदी

loksabha election banner

भारत और इजरायल का मिलन दरअसल दो संस्कृतियों का मिलन है। वे संस्कृतियां जो पुरातन हैं, जड़ों से जुड़ी हैं और जिन्हें मिटाने के लिए सदियां भी कम पड़ गई हैं। दरअसल यह दो विचारों का मिलन है, जिन्होंने इस दुनिया को बेहतर बनाने के लिए सपने देखे। वे विचार जिनसे दुनिया सुंदर बनती है और मानवता का विस्तार होता है। भारत की संस्कृति जहां समावेशी और सबको साथ लेकर चलने की पैरवी करती है, वहीं इजरायल ने एक अलग रास्ता पकड़ा, वह अपने विचारों को लेकर दृढ़ है और आत्ममुग्धता की हद तक स्वयं पर भरोसा करता है। उसके बाद आए विचार इस्लाम और ईसायत की आक्रामकता और विस्तारवादी नीतियों के बाद भी अगर भारत और इजरायल दोनों इस जमीन पर हैं, तो यह सपनों को जमीन पर उतर जाने जैसा ही है। ये दोनों देश बताते हैं कि लाख षड्यंत्रों के बाद भी अगर विचार जिंदा है, संस्कृति जिंदा है तो देश फिर धड़कने लगते है। वे खड़े हो जाते हैं। दोनों देश दरअसल अपनी सांस्कृतिक परंपरा के आधार पर आज तक जीवित हैं और निरंतर उसका परिष्कार कर रहे हैं। तमाम टकराहटों, हमलों, विनाशकारी षडयंत्रों के बाद भी यहूदी और हिंदू संस्कृति एक ऐतिहासिक-सांस्कृतिक सत्य की तरह वैश्विक पटल पर आज भी कायम है। भारत के साथ इजरायल के रिश्ते बहुत सहमे-सहमे से रहे हैं।

भला हो पूर्व प्रधानमंत्री नरसिंहराव का जिन्होंने इजरायल से रिश्तों को लेकर हमें सहज बनाया और हमारे रिश्ते प्रारंभ हुए। यह भारतीय हिचक ही हमें दुनिया भर में दोस्त और दुश्मन पहचानने में संकट में डालती रही है। सत्तर वर्षो के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री की इजरायल यात्र आखिर क्या बताती है? यह हमारी कमजोर राजनीतिक इच्छाशक्ति का सबसे बड़ा प्रमाण है। जो हमारे घरों में बम बरसाते रहे, सीमा पर कायराना हरकतें करते रहे उनके लिए हम लालकालीन बिछाते रहे, क्रिकेट खेलते रहे, हिंदी-चीनी भाई-भाई करते रहे किंतु सूदूर एकांत में खड़ा एक प्रगतिशील और वैज्ञानिक प्रगति के शिखर छू रहा एक देश हमें चाहता रहा, दोस्ती के हाथ बढ़ाए खड़ा रहा पर हम संकोच से भरे रहे। यह संकोच क्या है? यही न कि हिंदुस्तानी मुसलमान इस दोस्ती पर नाराज होगा। आखिर इजरायल -फलस्तीन के मामले से हिंदुस्तानी मुसलमान का क्या लेना देना? हमें आखिर क्या पड़ी है,जब दुनिया के तमाम मुस्लिम देश भी इजरायल से रिश्ते और संवाद बनाए हुए हैं।

शक्ति की आराधना दुनिया करती है और वैज्ञानिक प्रगति के आधार पर इजरायल आज एक ऐसी शक्ति से जिससे कोई भी सीख सकता है। अपनी माटी के प्रति प्रेम, अपने राष्ट्र के प्रति अदम्य समर्पण हमें इजरायल सिखाता है, किंतु हम हैं कि अपने कायर परंपरावादी रवैये में दोस्त और दुश्मन का अंतर भी भूल गए हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वह कर दिखाया है जिसकी हिम्मत हमारे तमाम नायक नहीं कर पाए। विश्व शांति का उपदेश देने वाली शक्तियां भी दरअसल शक्ति संपन्न देश हैं। दुर्बल व्यक्ति का शांति प्रवचन कौन सुनता है। आज हमें यह तय करना होगा कि भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा और संप्रभुता को चुनौती देने वाले किसी विचार को सहन नहीं करेगा। भारत अपने सभी पूर्वाग्रहों को छोड़कर अपने शत्रु और मित्र चुनेगा। आखिर क्या कारण है कि ईरान के सर्वोच्च नेता कश्मीर की जंग में पाकिस्तान की तरह कश्मीरी अतिवादियों को समर्थन देते हुए दिखते हैं। ऐसे में भारत को क्यों यह अधिकार नहीं है कि वह उन राष्ट्रों के साथ समन्वय करे जो वैश्विक आतंकवाद के विरूद्ध खड़े हैं।

भारत सरकार के प्रयत्नों से वैश्विक स्तर पर भारत का जो मान बढ़ा है और उसकी आवाज सुनी जा रही है। वह एक दुर्लभ क्षण है। भारत अब एक दुर्बल राष्ट्र की छवि को छोड़कर अपने पुरुषार्थ का अवगाहन कर रहा है। वह स्वयं की शक्ति को पहचान रहा है। हमें भी इजरायल और उसके नागरिकों के आत्मसंघर्ष को समझना होगा। हमें समझना होगा कि किस प्रकार इजरायल के नागरिकों ने अपने सपने को जिंदा रखा और एक राष्ट्र के रूप में आकार लिया। देश के प्रति उनकी निष्ठा, उनका समर्पण हमें सिखाता है कि कैसे हम अपने देश को एक रख सकते हैं। भारत और इजरायल के स्वभाव का अंतर आप इससे समझ सकते हैं कि गुलामी के लंबे कालखंड ने हमें हमारी चीजों से विरक्त कर दिया, हम आत्महीनता से भर गए, आत्मदैन्य से भर गए। अपनी जमीन पर भी लांछित रहे। वहीं इजरायल के लोगों ने उजाड़े जाने के बाद भी अपने को दैन्य से भरने नहीं दिया, सर ऊंचा रखा और अपने राष्ट्र के सपने को मरने नहीं दिया। यहीं हिंदू और यहूदी संस्कृति के अंतर को समझा जा सकता है।

काल के प्रवाह से अविचल यहूदी अपनी मातृभूमि का स्वप्न देखते रहे, हम अपनी मातृभूमि पर रह कर भी विस्मरण के शिकार हो गए लेकिन हर राष्ट्र का एक स्वप्न होता है जो जिंदा रहता है। इसीलिए हमारे आत्मदैन्य को तोड़ने वाले नायक आए, हमें गुलामी से मुक्ति मिली और हमने अपनी जमीन फिर से पा ली। लेकिन राष्ट्रों का भाग्य होता है। इजराइल में जो आए वे एक सपने के साथ थे, उनका सपना इजरायल को बनाना था, उसके उन्हीं मूल्यों पर बनाना था, जिनके लिए वे हजारों मुसीबतें उठाकर भी वहां आए थे। हमें बलिदानों के बाद आजादी मिली, किंतु हमने उसकी कीमत कहां समझी। हम एक ऐसा देश बनाने में लग गए जिसकी जड़ों में भारतीयता के मूल्य नहीं थे। विदेशी समझ, विदेशी भाषा और विदेशी चिंतन के आधार पर जो देश खड़ा हुआ, वह ‘भारत’ नहीं ‘इंडिया’ था। इस यात्र को सत्तर सालों के बाद विराम लगता दिख रहा है। भारत एक जीता जागता राष्ट्रपुरुष है और वह अपने को पहचान रहा है।

सही मायनों में ये दो-तीन साल भारत से भारत के परिचय के भी साल हैं। राजनीतिक संस्कृति से लेकर सामाजिक स्तर पर इसके बदलाव परिलक्षित हो रहे हैं। इजरायल की ओर बढ़े हाथ दरअसल खुद को भी पहचानने की तरह हैं। भूले हुए रास्तों के याद आने की तरह हैं। उन जड़ों और गलियों में लौटने की तरह हैं, जहां भारत की रूहें बसती और धड़कती हैं। इजरायल जैसे देश में होना दरअसल भारत में होना भी है। दुनिया की दो पुरातन संस्कृतियों-परंपराओं और जीवन शैलियों का मिलन साधारण नहीं हैं। यह एक नई दुनिया जरूर है लेकिन वह अपनी जड़ों से जुड़ी है। उन जड़ों से जिन्हें सींचने में पीढ़ियां लगीं हैं। एक बार भारत दुनिया के चश्मे से खुद को देख रहा है, उसे अपने निरंतर तेजमय होने का अहसास हो रहा है। इजरायल यात्र के बहाने प्रधानमंत्री ने सालों की दूरियां दिनों में पाट दी हैं, हमें भरोसा दिया है कि भारत अपने आत्मविश्वास से एक बार फिर से अपनी उम्मीदों में रंग भरेगा। आम हिंदुस्तानी अपने प्रधानमंत्री के नेतृत्व के इस दृश्य पर मुग्ध है।

(लेखक राजनीतिक विश्लेषक हैं)


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.