WhatsApp Group से निकलना होगा आसान, कंपनी ने नियम में किया बदलाव
अब व्हाट्सएप के किसी ग्रुप से आप चुपचाप निकल सकेंगे। अभी किसी सदस्य के ग्रुप से निकलने पर ग्रुप के बाकी सदस्यों को भी इसका पता लग जाता है क्योंकि ग्रुप में नोटिफिकेशन दिख जाता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अब व्हाट्सएप के किसी ग्रुप से आप चुपचाप निकल सकेंगे। अभी किसी सदस्य के ग्रुप से निकलने पर ग्रुप के बाकी सदस्यों को भी इसका पता लग जाता है क्योंकि ग्रुप में नोटिफिकेशन दिख जाता है। लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। किसी सदस्य के ग्रुप छोड़ने पर उसका नोटिफिकेशन ग्रुप में नहीं आएगा। कई लोग व्हाट्सएप के कई ग्रुप से बाहर होना चाहते हैं, लेकिन ग्रुप के लोगों को बुरा लगने की आशंका को ध्यान में रखते हुए ग्रुप से बाहर नहीं हो पाते हैं।
वैसे ही, अब जिसे आप चाहेंगे, उसे ही व्हाट्सएप पर आपके ऑनलाइन स्टेटस का पता चल सकेगा। इस महीने से यह सेवा शुरू होने जा रही है। व्हाट्सएप के फीचर में आप चयन करके यह तय कर सकेंगे कि कौन-कौन आपके ऑनलाइन स्टेटस को देख सकता है या किसे आपके ऑनलाइन स्टेटस के बारे में पता नहीं लगना चाहिए।
ऑनलाइन स्टेटस भी नहीं लगेगा पता
ऑनलाइन स्टेटस का पता लगने से कई बार अपने दोस्त या परिवार वालों से जुड़ना आसान हो जाता है। लेकिन कई बार अजनबी इसका फायदा भी उठा लेते हैं और जिनसे आप बात नहीं करना चाहते हैं, उन्हें भी आपको जवाब देना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप ने यह सेवा शुरू की है।अब मैसेज का स्क्रीनशॉट भी नहीं लिया जा सकेगा। अगर आपने किसी को मैसेज किया है और उस व्यक्ति ने मैसेज देख लिया है तो बाद में वह व्यक्ति उस मैसेज का स्क्रीनशॉट नहीं ले सकेगा।
अभी पुराने मैसेज का स्क्रीनशॉट लेकर कई बार उसका दुरुपयोग भी किया जाता है। इसके ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप की तरफ से यह सेवा भी शुरू की जा रही है। व्हाट्सएप की प्रोडक्ट हेड अमी वोरा ने बताया कि इन सेवाओं को शुरू करने से पहले यूजर्स के साथ मिलकर सर्वे किया और उनकी उपयोगिता को ध्यान में रखते हुए यह सेवा शुरू की गई है।