ISRO को मिली बड़ी सफलता, लगातार दो नाकामियों के बाद मॉडिफाइड PSLV के तीसरे स्टेज का सफल टेस्ट
इसरो ने श्रीहरिकोटा में अपने भरोसेमंद रॉकेट PSLV के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड स्टैटिक टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा किया है।

दो नाकामियों के बाद मॉडिफाइड PSLV के तीसरे स्टेज का सफल टेस्ट
HighLights
इसरो ने PSLV के संशोधित तीसरे चरण का सफल ग्राउंड टेस्ट किया।
यह परीक्षण लगातार दो मिशनों की तकनीकी खामियों के बाद हुआ।
सफलता से PSLV की विश्वसनीयता पुनः स्थापित करने में मदद मिलेगी।
डिजिटल डेस्क, बेंगलुरु। इसरो ने अपने सबसे भरोसेमंद रॉकेट 'पोलर सैटेलाइट लॉन्च व्हीकल' की विश्वसनीयता को फिर से स्थापित करने की दिशा में एक बड़ी और निर्णयक सफलता हासिल की है।
इसरो ने गुरुवार को जानकारी दी कि श्री हरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र में रॉकेट के संशोधित तीसरे चरण का ग्राउंड स्टैटिक टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
यह सफल परीक्षण PSLV के लगातार दो मिशनों में आई तकनीकी खामियों के बाद किया गया है, जिनमें रॉकेट के तीसरे चरण में समस्या के कारण मिशन असफल हो गए थे।
संशोधित चरण में किए गए बड़े तकनीकी सुधार
इसरो ने बताया कि सिस्टम को पहले से अधिक मजबूत और सुरक्षित बनाने के लिए इसके डिजाइन मार्जिन, कच्चे माल की गुणवत्ता, असेंबली प्रक्रिया और जांच मानकों की गहन समीक्षा की गई थी। इसके बाद PS3 सॉलिड मोटर में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए।
नोजल कॉन्फिगरेशन को उन्नत किया गया और मैकेनिकल इंटरफेस को पहले से ज्यादा मजबूत बनाया गया। किसी भी तरह के रिसाव या दबाव की कमी को रोकने के लिए सीलिंग प्रणालियों में अतिरिक्त रिडंडेंसी जोड़ी गई है।
कच्चे माल की स्वीकृति, मोटर असेंबली, इंटीग्रेशन और परिवहन के विभिन्न चरणों में अपडेटेड नॉन-डिस्ट्रक्टिव टेस्टिंग प्रक्रियाओं को लागू किया गया है।
क्यों पड़ी थी इस बदलाव की जरूरत?
PSLV भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम की रीढ़ रहा है, लेकिन बीते एक साल में लगातार दो झटकों ने इसकी साख पर सवाल खड़े कर दिए थे। ये बदलाव मई 2025 में PSLV-C61/EOS-09 और जनवरी 2026 में PSLV-C62/EOS-N1 मिशनों में आई असफलताओं के बाद किए गए हैं।
इन दोनों मिशनों में तीसरे चरण के दौरान समस्याएं आई थीं, जिससे भारत के सैटेलाइट लॉन्च कार्यक्रम के मुख्य आधार रहे इस लॉन्च व्हीकल की विश्वसनीयता पर सवाल उठने लगे थे।
18 मई 2025 को 1,696 किलोग्राम वजनी अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट EOS-09 को लेकर उड़े इस रॉकेट के पहले दो चरण सामान्य रहे थे। लेकिन तीसरे चरण के दौरान चैंबर के दबाव में अचानक गिरावट आने से मिशन विफल हो गया था। इसके बाद सुधार के लिए एक राष्ट्रीय स्तर की समिति बनाई गई थी।
दूसरा झटका 12 जनवरी 2026 को लगा जब OS-N1 अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट और 15 अन्य पेलोड लेकर जा रहे PSLV-C62 में तीसरे चरण के अंत में एक खराबी आ गई। रॉकेट के 'रोल रेट' (घूमने की गति) में गड़बड़ी आई, जिसके बाद वह अपने तय रास्ते से भटक गया और सैटेलाइट्स को उनकी निर्धारित कक्षाओं में स्थापित नहीं कर सका।
अब आगे क्या होगा?
अंतरिक्षा एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि इस सफल ग्राउंड टेस्ट से प्राप्त डेटा का अब सूक्ष्म विश्लेषण किया जाएगा। इसके माध्यम से संशोधिक सॉलिड मोटर और उसके सब सिस्टम के वास्तविक प्रदर्शन का आकलन होगा, जिसके आधार पर आगे के परीक्षण किये जाएंगे।
चार चरणों वाला लॉन्च व्हीकल, PSLV, भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम का एक मुख्य आधार रहा है। इसने चंद्रयान-1 और मार्स ऑर्बिटर मिशन से लेकर आदित्य-L1 तक कई महत्वपूर्ण मिशन पूरे किए हैं।
इसका फिर से पूरी तरह भरोसेमंद तरीके से उड़ान भरना न केवल इसरो के अपने मिशनों के लिए, बल्कि भारत की कमर्शियल सैटेलाइट लॉन्च प्रतिबद्धताओं को पूरा करने के लिए भी बहुत महत्वपूर्ण है।
यह भी पढ़ें- इसरो का एनवीएस- 03 उपग्रह लॉन्च: विदेश के भरोसे नहीं रहेगा भारत, स्वदेशी 'नाविक' दिखाएगा राह
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।